रायबरेली। जिला अस्पताल में शनिवार को कुछ शरारती तत्वों ने फायर टैंक के डायलिसिस के पास लगे प्वाइंट को खोल दिया। इससे परिसर के कई वार्डों में पानी भर गया।
अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर भी पानी भर गया। इससे मरीजों को वार्डों तक पहुंचने के लिए पानी से गुजरना पड़ा। सूचना मिलने पर अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। किसी तरह पानी निकाला गया तो मरीजों को राहत मिली।
जिला अस्पताल में फायर लाइन बिछी है। सप्ताह में एक दिन अस्पताल प्रशासन फायर की पाइप को चेक करने के लिए कुछ देर के लिए पंप को चलवाता है।
बताते हैं कि डायलिसिस कक्ष के पास टैंक के लगे प्वाइंट को किसी शरारती तत्व ने खोल दिया। इससे कुछ ही देर में पानी अस्पताल परिसर में भर गया। चूंकि पानी पाइपों में काफी तेजी से चलता है, इसलिए वार्डों से लेकर गैलरी और अल्ट्रासाउंड कक्ष तक पानी पहुंच गया।
जिला अस्पताल की मुख्य गैलरी में पानी भर जाने के कारण मरीजों को वार्डों तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
कड़ी मशक्कत के बाद पानी को निकाला गया, जिससे मरीजों को राहत मिली। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एनके श्रीवास्तव ने बताया कि किसी ने फायर टैंक के प्वाइंट को डायलिसिस के पास खोल दिया था। इसी कारण पानी आ गया था। कर्मचारियों को लगातार पानी निकलवा दिया गया है। मरीजों को कोई समस्य नहीं हुई।
गैलरी में पड़ी पैर में प्लास्टर बंधवाए उन्नाव की महिला
जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड महिला की हालत बदहाल है। वार्ड में बेडों पर फटे गद्दे पड़े हैं। बछरावां सीएचसी से आई उन्नाव जिले की महिला के पैर में प्लास्टर लगाया गया है। शनिवार को महिला सर्जिकल वार्ड के बाहर गैलरी में पड़ी रही। उसकी सुध लेने वाला कोई नहीं था।
वृद्धजन वार्ड भी ठंड बढ़ने के बाद बदहाल है। दरवाजे पर लगे शीशे भी टूट गए हैं। इससे ठंडी हवा वार्ड में पहुंच रही है। सीएमएस डॉ. एनके श्रीवास्तव ने बताया कि उन्नाव जिले की महिला कांती को बछरावां पुलिस सीएचसी के बाद जिला अस्पताल लाई थी। पैर में चोट के कारण प्लास्टर बंधवाकर उसे वार्ड में भर्ती कराया गया है।
बार-बार महिला वार्ड से बाहर आकर गैलरी में लेट जाती है, या भागने का प्रयास कर रही है। उन्नाव जिले की पुलिस से संपर्क करके उसके घर वालों का पता लगाया जा रहा है। महिला के साथ घर का कोई भी व्यक्ति नहीं है। सर्जिकल वार्ड में मेंटीनेंस का काम चल रहा है।