बांदा-बहराइच राजमार्ग पर शारदा सहायक नहर के पुल के पास यह हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों शिवगढ़ से हरचंदपुर वापस लौट रहे थे। घटना के बाद चालक तो भाग निकला, लेकिन पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया।
हरचंदपुर थाना क्षेत्र के कड़क्केपुर मजरे दतौली निवासी धर्मेंद्र अपने मामा प्रेमचंद्र निवासी नया खेड़ा थाना निगोहा जिला लखनऊ के साथ बाइक से शिवगढ़ गया था।
वहां से दोनों लौट रहे थे। धर्मेंद्र बाइक चला रहा था। मामा-भांजे शारदा सहायक नहर के पुल के पास पहुंचे, इसी दौरान सामने से आ रहे मिनी ट्रक ने दोनों को रौंद दिया।
गंभीर रूप से घायल मामा-भांजे की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि लोगों ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद मिनी ट्रक चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने मिनी ट्रक को कब्जे में ले लिया। थानेदार आरके मिश्र ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।