रायबरेली। बेसिक शिक्षा विभाग में एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) की रुकी चयन प्रक्रिया में अब तेजी आती दिख रही है। लिखित परीक्षा के नतीजे आने के बाद तीन दिवसीय माइक्रो टीचिंग शुरू कराई गई थी, लेकिन तीसरे दिन की माइक्रो टीचिंग स्थगित हो गई थी। इससे चयन प्रक्रिया लटकती नजर आ रही थी।
अब छूटे अभ्यर्थियों की माइक्रो टीचिंग के लिए नई तिथि तय कर दी गई है, जिसके तहत 20 जून को सामाजिक विषय के 14 अभ्यर्थी माइक्रो टीचिंग के लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान पहुंचेंगे। जिले में एक नगर क्षेत्र एवं 18 विकास क्षेत्र हैं। प्रत्येक क्षेत्र में अंग्रेजी, हिंदी, गणित, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान विषय के लिए एक-एक एआरपी का चयन किया जाना है। यानी कि प्रत्येक विषय में 19-19 एआरपी चयनित करने हैं।
यह प्रक्रिया ढाई महीने से भी ज्यादा समय से चल रही है, लेकिन अब तक प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है। विषयवार सभी 95 पद भरने के लिए परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों से आवेदन पत्र मांगे गए। इस पर 189 आवेदन किए, जिनमें से 19 आवेदन निरस्त हो गए। बाकी 170 अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा में भाग लेना था, लेकिन 110 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। इनमें भी महज 59 अभ्यर्थी सफल हुए थे।
सफल अभ्यर्थियों की माइक्रो टीचिंग कराने की रूपरेखा बनी थी। इसके तहत 9 जून को हिंदी, अंग्रेजी व विज्ञान के अभ्यर्थी बुलाए गए। 10 जून को गणित के अभ्यर्थियों की माइक्रो टीचिंग कराई गई। तीसरे व अंतिम दिन 11 जून को सामाजिक विषय के अभ्यर्थियों की माइक्रो टीचिंग होनी थी, जिसे स्थगित कर दिया गया था।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सामाजिक विषय के जिन 14 अभ्यर्थियों की माइक्रो टीचिंग होनी बाकी है, उन्हें अब 20 जून को दोपहर 3 बजे से डायट में होने वाली माइक्रो टीचिंग में भाग लेना होगा। सभी संबंधित अभ्यर्थियों को इस बारे में अवगत करा दिया गया है।
कैसे भरेंगे सभी पद, संख्या हो रही कम
रायबरेली। बेसिक में एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) के सभी 95 पद भरना संभव है। सभी पद कैसे भर पाएंगे, यह बड़ा सवाल है। वर्तमान में चल रही चयन प्रक्रिया की रफ्तार इतनी धीमी है कि अभी भी जल्दी नतीजे आने की संभावना कम नजर आ रही है। निर्धारित पदों के सापेक्ष आवेदन तो ठीक आए, लेकिन आवेदन पत्रों की जांच, लिखित परीक्षा और माइक्रो टीचिंग के बाद संख्या घटती रही। अभी साक्षात्कार भी कराए जाने है। इसके बाद ही अंतिम परिणाम आएंगे और चयन सूची जारी होगी।
विषयवार अभ्यर्थियों की संख्या पर गौर करें तो अंग्रेजी में महज चार, हिंदी में महज छह, विज्ञान में महज सात अभ्यर्थी ही बचे हैं, जिससे इन सभी विषयों में 19-19 पद भरना संभव नहीं है। गणित में ही 23 अभ्यर्थी बचे हैं। सामाजिक विषय में सिर्फ 14 अभ्यर्थी हैं, जिनकी माइक्रो टीचिंग शुक्रवार को होनी है।
जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) दीपक कुमार कहते हैं कि लिखित परीक्षा में 60 से इससे अधिक अंक लाने वाले अभ्यर्थी सफल माने गए। माइक्रो टीचिंग और साक्षात्कार में मिले अंकों के आधार पर अंतिम नतीजे घोषित किए जाएंगे। इसके बाद वरीयता सूची बनेगी और चयनित अभ्यर्थियों की घोषणा की जाएगी।