रायबरेली। बेसिक शिक्षा विभाग में एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) के लिए चल रही चयन प्रक्रिया फिर से रुक गई है। तीसरे दिन बुधवार को होने वाली माइक्रो टीचिंग स्थगित हो गई है।
जिले में एक नगर क्षेत्र एवं 18 विकास क्षेत्र हैं। प्रत्येक क्षेत्र में अंग्रेजी, हिंदी, गणित, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान विषय के लिए एक-एक एआरपी का चयन किया जाना है। यानी कि प्रत्येक विषय में 19-19 एआरपी चयनित करने हैं। परिषदीय विद्यालयों के 189 शिक्षकों ने आवेदन किए, जिनमें से 19 आवेदन पत्र निरस्त हो गए।
बाकी 170 अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा में भाग लेना था, लेकिन 110 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। इनमें महज 59 अभ्यर्थी सफल हुए। सफल अभ्यर्थियों की माइक्रो टीचिंग डायट परिसर में सोमवार को शुरू हुई।
तीन दिवसीय माइक्रो टीचिंग बुधवार को पूरी होनी थी, लेकिन तीसरे दिन की माइक्रो टीचिंग स्थगित हो गई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि अपरिहार्य कारणों से माइक्रो टीचिंग स्थगित की गई है। इसमें सामाजिक विज्ञान विषय के 14 अभ्यर्थियों को भाग लेना था, जिनके लिए बाद में अलग से नई तिथि तय कर घोषित की जाएगी।
अब तक नहीं आए पांच अभ्यर्थी
लिखित परीक्षा में सफल 59 अभ्यर्थियों की माइक्रो टीचिंग होनी थी, जिनमें अब तक पांच लोग अनुपस्थित हो चुके हैं। इन लोगों का चयन प्रक्रिया से बाहर होना तय है। तीसरे दिन माइक्रो टीचिंग में गैरहाजिर अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ सकती है। जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) दीपक कुमार ने बताया कि पहले दिन सोमवार को अंग्रेजी, हिंदी और विज्ञान के 18 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें से विज्ञान का एक अभ्यर्थी अनुपस्थित रहा। दूसरे दिन मंगलवार को गणित के 27 अभ्यर्थियों को माइक्रो टीचिंग में भाग लेना था, जिनमें चार अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे।
अब तक 45 अभ्यर्थियों में से 40 अभ्यर्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराते हुए माइक्रो टीचिंग में हिस्सा लिया है। अब सामाजिक विज्ञान विषय के 14 अभ्यर्थियों की माइक्रो टीचिंग होनी बाकी है, जिसके लिए नई तिथि जल्द घोषित होगी। लिखित परीक्षा के 60 अंक, माइक्रो टीचिंग के 30 अंक और साक्षात्कार के 10 अंक यानी कुल 100 अंकों के आधार पर वरीयता सूची बनेगी, फिर चयनित अभ्यर्थियों की घोषणा की जाएगी।