एनटीपीसी स्थित एक दुकान में छापामारी के दौरान नमूना सील करती जांच टीम।
रायबरेली। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बुधवार को ऊंचाहार और लालगंज तहसील क्षेत्र में अभियान चलाया। एनटीपीसी परिसर में संचालित दुकानों से छह और लालगंज क्षेत्र में दो खाद्य पदार्थों के नमूने भरे। मसूर दाल की गुणवत्ता खराब प्रतीत होने पर सील कर दिया गया। मलिकमऊ चौबारा में मीट की दुकानें बंद कराई गईं। बिना पंजीयन के दुकानें संचालित न करने के निर्देश दिए।
सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय मानिक चंद्र सिंह ने बताया कि एफएसओ शेफाली रस्तोगी ने एनटीपीसी ऊंचाहार परिसर में संचालित मनोज आइसक्रीम पार्लर से नमकीन भुजिया, न्यू लकी प्रोविजन स्टोर से अरहर दाल व लाल मसूर दाल का एक-एक नमूना भरा। करीब साढ़े चार किलो मसूर दाल को सील कर दिया।
इंडियन कॉफी हाउस से दही व पनीर का भी एक -एक नमूना भरा। इसके बाद वृंदावन स्वीट्स से पनीर का नमूना लिया। दूसरी टीम ने लालगंज क्षेत्र के महारानीगंज रोड रायपुर स्थित अभिजीत फास्ट फूड रिफाइंड सोयाबीन ऑयल और पशु अस्पताल लालगंज के सामने स्थित फुडेल डूडल रेस्टोरेंट से सिरका युक्त प्याज का नमूना भरा। मलिक मऊ चौबारा के होरी का पुरवा में अवैध रूप से संचालित मीट की दुकानों को बंद करा दिया गया। उन्होंने बताया कि बिना पंजीयन के मीट की दुकानें संचालित नहीं होने दी जाएंगी।