रायबरेली। जिले से होकर गुजरने वाली मालदा टाउन-नई दिल्ली एक्सप्रेस निरस्त होने के कारण रविवार को नहीं आएगी। शनिवार को भले ही कोई ट्रेन रद्द नहीं रही, लेकिन कई ट्रेनों ने काफी इंतजार कराया। लेटलतीफी की वजह से यात्रियों को परेशानी हुई। पुरी से आनंद विहार जाने वाली नीलांचल एक्सप्रेस सबसे ज्यादा घंटे विलंब से पहुंची।
दिल्ली से प्रतापगढ़ जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस और भोपाल से प्रतापगढ़ जाने वाली सुपरफास्ट ने डेढ़ घंटे इंतजार कराया। प्रयागराज-कानपुर पैसेंजर सवा घंटे और बनारस-देहरादून जनता मेल, सहारनपुर-प्रयागराज नौचंदी एक्सप्रेस व पटना-जम्मू तवी अर्चना एक्सप्रेस एक घंटे विलंब से आई। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार का कहना है कि ज्यादातर ट्रेनों का संचालन समय से हो रहा है। लंबी दूरी की कुछ ट्रेनें विलंब से आई। ये सभी ट्रेनें पहले से लेट होने के कारण देर से पहुंची हैं।