केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री अशोक गजपति राजू ने बुधवार को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान अकादमी फुरसतगंज अमेठी का निरीक्षण किया। करीब छह घंटे तक इग्रुआ में हो रहे कार्यों को खंगाला।
उन्होंने कहा कि इग्रुआ को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम चल रहा है। कनाडा की कंपनी सीएई और भारत सरकार के बीच तालमेल बिगड़ जाने के चलते कुछ बाधाएं आईं, लेकिन फिर से इग्रुआ की बेहतरी पर जोर दिया जा रहा है।
इग्रुआ में बन रहे राजीव गांधी एयर यूनिवर्सिटी का कार्य जल्द पूरा किया जाएगा। उन्होंने पायलटों से बात करने के साथ ही हॉस्टल, स्वीमिंग पुल आदि का जायजा लिया। जो कमियां मिलीं, उसे दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
लखनऊ एयरपोर्ट में उतरने के बाद पूर्वाह्न 10 बजे केंद्रीय मंत्री सड़क मार्ग से होते हुए इग्रुआ पहुंचे। केंद्रीय मंत्री ने सबसे पहले राजीव गांधी एयर यूनिवर्सिटी के कामकाज का जायजा लिया।
अब तक क्या कार्य हुआ और यह कब तक पूरा हो जाएगा, इस बारे में अधिकारियों से बात की। यूनिवर्सिटी का निर्माण सही तरीके से कराने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन हॉस्टल का जायजा लिया।
इग्रुआ के प्रशिक्षु पायलटों से बात की। परिचालन विभाग, स्वीमिंग पुल, ऑडीटोरियम, इग्रुआ हॉस्टल का निरीक्षण किया। परिसर में अशोक का पौधा भी रोपा।
मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इग्रुआ को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भारत सरकार और कनाडा की कंपनी सीएई से 2018 तक के लिए करार हुआ है।
इसका मकसद था कि भारत सरकार को इग्रुआ को सब्सिडी न देनी पड़ी। वह स्वयं के धन से अपना विस्तार करे। इधर, कनाडा की कंपनी और भारत सरकार के बीच तालमेल ठीक न होने की वजह से इग्रुआ को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य धीमा हो गया है।
अब इसमें तेजी लाई जाएगी। कहा कि समय से राजीव गांधी एयर यूनिवर्सिटी का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इग्रुआ के रनवे का विस्तार किया जाएगा। इस मौके पर इग्रुआ के डायरेक्टर वीके वर्मा, डीके महेश, केएस गुप्ता, आरके द्विवेदी मौजूद रहे।