रायबरेली। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद की परीक्षाएं चार केंद्रों पर 14 से 23 मई तक कराई जाएंगी। दो पालियों में होने वाली इस परीक्षा में 1102 परीक्षार्थी शामिल होंगे। सभी केंद्रों पर सख्त पहरा रहेगा। तीन सेक्टर मजिस्टे्रट तैनात कर दिए गए हैं। चारों केंद्रों के लिए अलग-अलग सचल दस्तों का गठन भी किया गया है।
मदरसा शिक्षा परिषद लखनऊ से संचालित सेकेंडरी, सीनियर सेकेंडरी, कामिल एवं फाजिल की परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस परीक्षा में शामिल होने वाले पंजीकृत परीक्षार्थियों की संख्या 1102 है। चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें राजकीय इंटर कालेज रायबरेली, राजकीय बालिका इंटर कालेज रायबरेली, राजकीय बालिका इंटर कालेज महराजगंज और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सलोन शामिल हैं। इन केंद्रों पर 14 मई से 23 मई तक परीक्षा कराई जाएगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 8 बजे से 11 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।
जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव ने मदरसा बोर्ड की परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए सेक्टर/स्टेटिक मजिस्ट्रेेट तैनात कर दिए हैं। शहर के दोनों परीक्षा केंद्रों के लिए एसडीएम सदर और महराजगंज व सलोन क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों के लिए उसी तहसील के एसडीएम को सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया गया है। चारों केंद्रों के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों के नेतृत्व में सचल दस्तों गठन किया गया है। हर सचल दस्ते में चार-चार सहायक अध्यापक भी शामिल रहेंगे।