रायबरेली। महिला दरोगा के साथ लूट की घटना को अंजाम देने में बाहरी गैंग के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।
वारदात के खुलासे के लिए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए तो बाइक सवार दो बदमाशों की फुटेज मिल गई।
पहचान छिपाने के लिए बाइक चला रहा एक बदमाश हेलमेट पहने था जबकि पीछे बैठा बदमाश मास्क लगाए है। बाइक नंबर भी ठीक से नहीं दिख रहा है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में पता चला है कि बदमाश घटना को अंजाम देने के बाद लखनऊ की तरफ भागे हैं। पुलिस बदमाशों की धरपकड़ के लिए प्रयास कर रही है।
शहर के सम्राट नगर निवासी व प्रतापगढ़ जिले के कुंडा कोतवाली में तैनात दरोगा नीता सिंह से बदमाशों ने बैंक से पैसा निकालकर घर जाते समय पांच लाख रुपये लूट लिए थे।
दरोगा से लूट की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। नवागत एसपी आलोक प्रियदर्शी ने मौके पर पहुंचकर सदर कोतवाल को जल्द घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए थे। खुलासे के लिए एसओजी, सदर कोतवाली पुलिस समेत चार पुलिस टीमें लगाई गईं हैं।
पुलिस सूत्र बताते हैं कि सीसीटीवी कैमरे से ली गई फुटेज में दो बदमाश लूट की घटना को अंजाम देते दिख रहे हैं। यह बदमाश लखनऊ की तरफ भागे हैं।
मास्क और हेलमेट लगाने की वजह से इनकी पहचान में मुश्किल आ रही है। जिस तरह घटना को अंजाम दिया गया है, उससे आशंका जताई जा रही है कि इस लूट में किसी बाहरी गैंग का हाथ है।
अभी हाल में ही एसओजी और बछरावां पुलिस ने बाहरी गैंग का भंडाफोड़ करते हुए उन्हें जेल भेजा था। इसमें बिहार प्रांत, मिर्जापुर जिले के बदमाश पकड़े गए थे।
अब बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस रायबरेली के अलावा पड़ोसी जनपदों की पुलिस से संपर्क कर उनसे जानकारी हासिल कर रही है।
200 सीसीटीवी कैमरे खंगाले
महिला दरोगा के साथ लूट की घटना के बाद पुलिस अब तक 200 सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक कर चुकी है। बताते हैं कि बदमाश घटना को अंजाम देने के बाद डिग्री कॉलेज चौराहे से सदर तहसील, नेहरू नगर रेलवे क्रॉसिंग होते हुए लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंचे। इसके बाद बदमाश बाइक से लखनऊ की तरफ निकले।
सिविल लाइंस, रतापुर, त्रिपुला तक लगे सीसीटीवी में बदमाश जाते हुुए दिख रहे हैं। सदर कोतवाल राघवन कुमार सिंह का कहना है कि बदमाशों की धरपकड़ के लिए प्रयास किया जा रहा है।
महिला दरोगा के साथ हुई लूट की घटना के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमें लगाई गईं हैं। जांच चल रही है। जल्द बदमाशों को पकड़कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।
आलोक प्रियदर्शी, एसपी