रायबरेली। रबी फसलों की बोआई के बीच साधन सहकारी समितियों के सचिवों और सहायकों की हड़ताल किसानों पर भारी पड़ रही है। जगतपुर ब्लॉक क्षेत्र की समितियों पर ताले लटकने से खाद वितरण ठप है। समितियों में खाद उपलब्ध होने के बावजूद किसानों को नहीं मिल पा रही है। मजबूरी में उन्हें निजी दुकानों से महंगे दाम पर खाद खरीदनी पड़ रही है।
वेतन समेत अन्य मांगों को लेकर समितियों के सचिव और सहायक पिछले एक सप्ताह से लखनऊ के ईको गार्डन में हड़ताल पर हैं। इसके चलते गोकुलपुर रोझइया, सिद्धौर भीख, धोबहा, हरदीटीकर, टिक्ठामुसल्लेपुर, खजुरी और दौलतपुर स्थित समितियों से खाद का वितरण नहीं हो पा रहा है। इन दिनों सरसों, मटर, आलू समेत अन्य रबी फसलों की बोआई चल रही है। समय पर खाद नहीं मिलने से किसानों की बोआई प्रभावित हो रही है।
किसान अशोक कुमार, कृष्ण कुमार, राकेश कुमार, रामचरित, विनोद कुमार और देवशरण ने बताया कि सरसों, आलू और मटर की बोआई का समय चल रहा है। समितियों पर ताले लगे होने से खाद के लिए भटकना पड़ रहा है। निजी दुकानों से महंगे दाम पर खाद खरीदने से अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है।
सहकारिता के एडीओ रमेश कुमार ने बताया कि सचिवों और सहायकों की हड़ताल के कारण खाद का वितरण नहीं हो पा रहा है। हड़ताल समाप्त होते ही समितियों से खाद वितरण शुरू कराया जाएगा।
घुरवारा में भी खाद सेंटरों पर लटके ताले
घुरवारा। सहकारी समितियों के सचिवों के वेतन भुगतान की मांग को लेकर चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल का असर घुरवारा क्षेत्र में भी दिख रहा है। बी-पैक्स घुरवारा, कटघर और मधुकरपुर नवीन सहकारी समितियों में ताले लटके होने से किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है।
किसान सुशील यादव, शिवमोहन पाल, अशोक और सर्वेश कुमार ने बताया कि हड़ताल के कारण समितियों का कामकाज प्रभावित है। खाद की जरूरत पूरी करने के लिए उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। रबी फसलों की बोआई के समय खाद नहीं मिलने से उनकी चिंता बढ़ गई है।
साधन सहाकारी समिति घुरवारा में लटका ताला।