खीरों (रायबरेली)। उन्नाव-लालगंज हाईवे पर शुक्रवार सुबह मवेशियों को बचाने के प्रयास में लोडर अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे लोडर सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। सुबह करीब छह बजे भिंडी लादकर लोडर उन्नाव से लालगंज की तरफ जा रहा था। इस पर चालक राहुल समेत 10 लोग सवार थे।
गौतमनखेड़ा गांव के पास सड़क किनारे बैठे मवेशियों को बचाने के चक्कर में लोडर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़कर पलट गया। इससे लोडर सवार उन्नाव जिले के अचलगंज थाना क्षेत्र के पंचम का पुरवा गांव निवासी सोनेलाल (25), दुर्गा प्रसाद (47), लल्ला (30), जयकेश (25), ज्ञानचंद्र (55), शिवम (18) और जुगलू का पुरवा उन्नाव निवासी शिव कुमार (45) गंभीर घायल हो गए। हादसे में लोडर चालक राहुल समेत तीन अन्य लोग बाल-बाल बच गए। हादसा देख आसपास के लोग मौके पर आए और घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सक सुनील ने सोनेलाल को मृत घोषित कर दिया। घायल दुर्गा प्रसाद, शिवकुमार, लल्ला व ज्ञानचंद्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे में लोडर भी क्षतिग्रस्त हो गया। इस पर लदी भिंडी सड़क पर गिर गई। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि लोडर सवार लोग भिंडी बेचने के लिए लालगंज मंडी जा रहे थे। इसी दौरान हादसा हुआ।
सोनेलाल का शव देख बिलख पड़े परिजन
हादसे में सोनेलाल की मौत की सूचना पाकर मां बिटाना, भाई होरीलाल, आशीष, बिपिन मौके पर पहुंचे। उनका शव देखकर सभी बिलख पड़े। परिजनों ने बताया कि सोनेलाल अक्सर लालगंज मंडी आया जाया करते थे। रक्षाबंधन के त्योहार से पहले भाई की मौत से गमगीन बहनों नेहा, चुन्नी, श्रेजल ने कहा कि घटना ने हम सभी को झकझोर दिया है।