रायबरेली। कार्य के प्रति लापरवाही बरतने पर जहानाबाद और लालगंज कस्बा चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया गया है। आए दिन मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगाई ने सोमवार को कार्रवाई की।
सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली जहानाबाद चौकी का प्रभार अरविंद पांडेय लॉकडाउन के पहले ही चार्ज दिया गया था। लॉकडाउन के दौरान अरविंद पांडेय अच्छा कार्य कर रहे थे। वैसे तो कहा जा रहा है कि अरविंद को कार्य के प्रति लापरवाही बरतने पर लाइन हाजिर किया गया, लेकिन इसके पीछे की कहानी कुछ और ही बताई जा रही है।
कहा जा रहा है कि तैनाती के बाद से ही कुछ लोग अरविंद कुमार पांडेय से मनचाहा कार्य कराने का दबाव बना रहे थे, लेकिन उन्होंने कार्य करने से इंकार कर दिया था। ऐसे में लोग एसपी से उनकी शिकायत कर रहे थे। लॉकडाउन के दौरान चौकी क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद भी हो गया था। इसमें चौकी प्रभारी ने एक नेता को पकड़ लिया था। कुछ नेताओं ने इसकी शिकायत एसपी से कर दी थी। इस वजह से अरविंद पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया गया।
उधर, लालगंज कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत लालगंज कस्बा चौकी प्रभारी अभय कुमार मिश्रा को भी कुछ माह पहले ही चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उनकी शिकायतें भी हर दिन पुलिस अधीक्षक के पास पहुंच रही थी। आखिरकार एसपी ने अभय को लाइन हाजिर कर दिया।
एसपी का कहना है कि कार्य के प्रति शिथिलता बरतने के आरोप में जहानाबाद और लालगंज कस्बा चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर किया गया है। जहानाबाद चौकी प्रभारी के हटाने के सवाल पर कहा कि उनके खिलाफ मिल रही शिकायतों की जांच के आधार पर सीओ की रिपोर्ट पर कार्रवाई की गई। जल्द ही इन चौकियों में नए प्रभारियों की तैनाती की जाएगी।