कुष्ठ रोगी खोजी अभियान के तहत काम करती स्वास्थ्य विभाग की टीम।
रायबरेली। जिले में सोमवार से कुष्ठ रोगी खोजी अभियान शुरू हो गया है। अभियान के तहत 3025 टीमें घर-घर जाकर कुष्ठ रोगियों की पहचान करेंगी। यह अभियान आगामी 23 मार्च तक चलेगा। कुष्ठ रोगियों का पता लगाने के बाद उनका इलाज शुरू किया जाएगा। पहले दिन 20 हजार से अधिक घरों में पहुंचकर टीमों ने जांच करके संदिग्ध कुष्ठ रोगियों को चिह्नित किया।
जिला कुष्ठ रोग अधिकारी डॉ. शरद कुशवाहा ने बताया कि सोमवार से कुष्ठ रोगी खोजी अभियान शुरू किया गया। अभियान में 3025 टीमों को लगाया गया है। इन टीमों के कार्यों की निगरानी के लिए 585 पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। अभियान की प्रगति की समीक्षा रोजाना शाम को होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन भी कुष्ठ रोगियों की पहचान की जाएगी, उनका तत्काल इलाज शुरू कराया जाएगा। यह पहल कुष्ठ रोग के उन्मूलन और प्रभावित व्यक्तियों को समय पर उपचार प्रदान करने के लिए महत्वपूर्ण है। अभियान का लक्ष्य समुदाय स्तर पर रोग का पता लगाकर इसके प्रसार को रोकना है। इस व्यापक प्रयास से जिले में कुष्ठ रोग के मामलों में कमी आने की उम्मीद है।