सतांव। क्षेत्र में किसान की खतौनी में अंश निर्धारण में हो रही गड़बड़ियों को लेकर राजस्व विभाग गंभीर हो गया है। बुधवार को तहसील प्रशासन के निर्देश पर क्षेत्रीय लेखपालों ने अलग-अलग गांवों में शिविर लगाकर किसानों की समस्याएं सुनीं। इसमें किसानों ने खतौनी में नाम, रकबा और अंश निर्धारण में हुई त्रुटियों की शिकायतें दर्ज कराईं।
बुधवार को मलिकमऊ चौबारा, पहाड़पुर खेड़ा, चंदवल में शिविर लगाया गया। इस दौरान कई किसानों का आरोप था कि वरासत के बाद खतौनी में उनका अंश गलत दर्ज हो गया है, जिससे उन्हें बैंक लोन, पीएम किसान सम्मान निधि और फसल बीमा जैसी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। कुछ मामलों में एक ही खाते में दर्ज सहखातेदारों का अंश समान न होकर कम-ज्यादा दर्ज मिला।
पूरे बैसन गांव के किसान राम रतन ने बताया कि उनकी खतौनी में समस्या और अंश निर्धारण नही हुआ है। लेखपाल सत्य प्रकाश ने बताया कि शिविर में आए किसानों से प्रार्थना पत्र के साथ आधार कार्ड, पुरानी खतौनी लिया गया है। सभी शिकायतों की जांच कर ऑनलाइन खतौनी में सुधार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अंश निर्धारण की गलती ज्यादातर पुराने बंटवारे व वरासत दर्ज न होने के कारण हुई है। एसडीएम सदर गौतम सिंह ने बताया कि अंश निर्धारण शिविर 26 तारीख तक हर गांवों में लगेगा।