रायबरेली में जगजपुर क्षेत्र में लक्ष्मणपुर रेलवे क्रॉसिंग।
- फोटो : रायबरेली में जगजपुर क्षेत्र में लक्ष्मणपुर रेलवे क्रॉसिंग।
जगतपुर। दरियापुर-ऊंचाहार रेलखंड में लक्ष्मणपुर रेलवे स्टेशन के निकट स्थित क्रॉसिंग संख्या 12-बी को 36 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है। अब इस क्रॉसिंग से होकर कोई भी वाहन नहीं निकल सकेगा। ट्रेनों का संचालन भी धीमी रफ्तार से कराया जाएगा। अगले 36 घंटे तक वाहनों को दूसरे रास्ते से भेजा जाएगा। इसीलिए लक्ष्मणपुर क्रॉसिंग से गुजरने वाले वाहनों को बदले हुए रास्ते से तीन किमी का चक्कर लगाकर जाना पड़ेगा। रूट डायवर्जन के लिए रेलवे ने जगतपुर थाने को पत्र भेजा, जिस पर क्रॉसिंग की तरफ वाहनों को जाने से रोकने के लिए पुलिस लगा दी गई है।
क्रॉसिंग संख्या 12-बी पर शुक्रवार को रात 8 बजे से मरम्मत कार्य शुरू करा दिया गया। यह काम एक फरवरी को सुबह 8 बजे तक चलेगा। इस संबंध में रेलवे के रेल पथ निरीक्षक की ओर से जगतपुर थाने को पत्र भेजा गया है, ताकि वाहनों को क्रॉसिंग की तरफ जाने से रोकने के लिए रूट डायवर्जन किया जा सके। मरम्मत कार्य के दौरान पटरी निकाली जाएगी और सरफेस रबराइजेशन किया जाएगा। साथ ही रेलवे गेट की ओवरहालिंग भी करानी है। इस काम की वजह से ट्रेनों के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ेगा, लेकिन क्रॉसिंग के फाटक बंद होने से सड़क यातायात पूरी तरह ठप रहेगा।
जगतपुर थाने ने रूट डायवर्जन कर दिया है। लक्ष्मणपुर क्रॉसिंग जगतपुर-डलमऊ मार्ग पर स्थित है। इस मार्ग पर आवागमन ठप हो गया है, जिससे वाहनों को नवाबगंज-चंदौली संपर्क मार्ग से चलाया जा रहा है। स्टेशन अधीक्षक इंद्रपाल सिंह ने बताया कि क्रॉसिंग पर सरफेस रबराइजेशन एवं ओवरहालिंग कार्य शुरू हो चुका है। लक्ष्मणपुर रेलवे क्रॉसिंग से 36 घंटे तक सड़क मार्ग पर वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।