रायबरेली। तालाब में डूबकर श्रमिक की मौत हो गई। घटना से परिजनों में रोना पीटना मचा है। जगतपुर थाना क्षेत्र के अलीगंज गांव निवासी सुनील कुमार (32) लखनऊ में रहकर मजदूरी करते थे। दो दिन पहले वह घर आए थे। शनिवार को वह किसी काम से घर से बाहर निकले थे। देर रात तक वापस नहीं आए तो घरवालों ने खोजबीन की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला।
रविवार सुबह श्रमिक का शव जगतपुर-सलोन मार्ग पर पारी गांव के पास तालाब में मिला। आशंका जताई जा रही है कि तालाब में डूबकर युवक की जान गई है। बड़े भाई अखिलेश ने बताया कि सुनील की पत्नी विवाद के कारण मायके में रहती हैं। उनका भाई अलग मकान में रहता था।
ग्राम प्रधान शत्रुघ्न मौर्य समेत अन्य लोग युवक की मौत से हैरान हैं। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया है। घटना की जांच कराई जा रही है।