रायबरेली। पुलिस महकमे में मंगलवार रात बड़ा फेरबदल किया गया। एसपी रवि कुमार ने लापरवाही बरतने पर खीरों थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह को लाइन हाजिर कर दिया। वहीं, ऊंचाहार, सरेनी और चंदापुर थानों में नए थाना प्रभारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा कई पुलिसकर्मियों को भी नई जिम्मेदारी दी गई।
करीब दो माह से पुलिस महकमे में फेरबदल के कयास लगाए जा रहे थे। ऊंचाहार और सरेनी थाने काफी समय से थाना प्रभारी के बिना चल रहे थे। मंगलवार रात एसपी ने एक साथ कई थाना प्रभारियों का तबादला कर दिया। कुछ दिन पहले एसपी ने एक दरोगा को लाइन हाजिर करने के निर्देश दिए थे। आरोप है कि खीरों थाना प्रभारी ने दरोगा को लाइन हाजिर नहीं किया और उसे एक मामले की विवेचना सौंप दी। कार्य के प्रति लापरवाही के चलते एसपी ने थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया।
लखीमपुर खीरी से स्थानांतरित होकर आए इंस्पेक्टर मनबोध तिवारी को ऊंचाहार कोतवाली प्रभारी और एसपी के पीआरओ विंध्य विनय रावत को सरेनी थाना प्रभारी बनाया गया है। शिवगढ़ थाना प्रभारी राजीव सिंह को चंदापुर थाने की जिम्मेदारी दी गई है। चंदापुर थाना प्रभारी अरविंद सिंह को गैरजनपद के लिए कार्यमुक्त कर दिया गया। सीतापुर से स्थानांतरित होकर आए इंस्पेक्टर बलवंत सिंह शाही को शिवगढ़ थाना प्रभारी बनाया गया है।
पुलिस लाइन में तैनात इंस्पेक्टर अंजेश सिंह को एसपी का नया पीआरओ बनाया गया है। मॉनीटरिंग सेल प्रभारी सुरेंद्र कुमार को विशेष जांच प्रकोष्ठ का जिम्मा दिया गया है। दरोगा बाबू खान को अपराध शाखा से चुनाव सेल भेजा गया है। सदर कोतवाली में तैनात मुख्य आरक्षी अजय त्रिवेदी को शिवगढ़ थाने भेजा गया है।