नसीराबाद कस्बे में कांवरियों का स्वागत करते लोग।
नसीराबाद। शिवेश्वर मंदिर से रविवार को श्रद्धालुओं का एक जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम (झारखंड) के लिए रवाना हुआ। यात्रा निकलने से पहले कांवड़ियों का मंदिर में स्वागत किया। बोल बम के साथ निकले कांवड़ियों का जगह-जगह स्वागत किया गया।
यह जत्था पहले उत्तरवाहिनी गंगा पहुंचेगा। वहां से कांवड़िये पवित्र जल भरेंगे। इसके बाद वे बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए पैदल यात्रा शुरू करेंगे। यह यात्रा लगभग 110 किलोमीटर लंबी होगी। बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचकर श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। वे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की प्रार्थना करेंगे।
कांवड़ियों के रवाना होने से पहले शिवेश्वर मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और भक्ति साथ अपनी यात्रा प्रारंभ की। इस दौरान बोल बम और हर हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे। यात्रा में कांवड़िये अनुशासन, श्रद्धा और सेवा भाव का पालन करते हुए निकले। सावन माह में निकाली जाने वाली यह कांवड़ यात्रा भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था, विश्वास और समर्पण का प्रतीक है।
इस मौके पर कौशल किशोर, राजकुमार मौर्य, मोनू अगरहरि, जैकी चौरसिया, अमित पांडेय, जय सिंह आदिल ने कांवड़ियों का सम्मान किया। उन्होंने सभी को अंगवस्त्र भेंटकर उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की।