रायबरेली। लोक निर्माण विभाग खंड-प्रथम में शनिवार रात अवर अभियंताओं (जेई) की हड़ताल पर चर्चा के लिए बुलाई गई बैठक में जमकर हंगामा हुआ। स्टोर का चार्ज देने की बात को लेकर अवर अभियंता आपस में ही भिड़ गए। यही नहीं स्टोर का चार्ज मांगने पर एक जेई के साथ अभद्रता करते हुए जानमाल की धमकी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को बिगड़ने से बचाया। हालांकि किसी भी पक्ष ने इस मामले में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है।
लोक निर्माण खंड प्रथम की अधिशासी अभियंता संजू कुमारी के मनमानी रवैये से ठेकेदार कई महीने से काम नहीं कर रहे हैं। 10 दिन से कुछ अवर अभियंता भी कार्य से विरत हैं। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर एक्सईएन ने रात आठ बजे विरोध कर रहे अवर अभियंताओं की बैठक बुलाई थी। बैठक के दौरान ही जेई किरन चौधरी ने जेई राकेश पटेल से स्टोर का कार्यभार जेई हरि प्रसाद को देने की बात उठाई। इसे लेकर बैठक में हंगामा होने लगा। तकरार इतनी बढ़ी कि एक्सईएन के सामने ही जेई आपस में अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। इस बीच हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को बिगड़ने से बचाया।
इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर जेई किरन का वीडियो भी वायरल हुआ। वायरल वीडियो में किरन कह रहीं हैं कि स्टोर का कार्यकाल दो साल के लिए अवर अभियंता को दिया जाता है। एक्सईएन ने 15 दिन पहले स्टोर का चार्ज सीनियर जेई हरि प्रसाद को दे दिया, लेकिन राकेश पटेल अब तक चार्ज नहीं दे रहे हैं। चार्ज देने की बात कही तो अवर अभियंता मनोज कुमार पटेल ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी।
उधर, अवर अभियंता मनोज कुमार पटेल और राकेश पटेल ने बताया कि अवर अभियंता किरन चौधरी ने खुद गाली गलौज की थी। राकेश पटेल ने बताया कि अभी स्टोर का चार्ज लिए दो साल पूरे नहीं हुए हैं।