रायबरेली। विधि विश्लेषक प्रयोगशाला की जांच में धनिया और हल्दी के नमूने खाने योग्य नहीं मिले हैं। जांच में कीड़े के साथ सिंथेटिक कलर भी मिला है। प्रयोगशाला ने पांचों नमूनों को असुरक्षित और अवमानक घोषित किया है। रिपोर्ट आने के बाद कानपुर के धनिया सप्लायर समेत छह कारोबारियों को नोटिस दिया गया है।
पिछले जून माह में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने सलोन के अतानगर स्थित लक्ष्मी फूड प्रोडक्ट्स और डीके लघु उद्योग से साबूत धनिया के नमूने लिए थे। इसके अलावा ऊंचाहार स्थित आलोक किराना स्टोर से साबूत हल्दी का नमूना लिया गया था।
प्रतिमा गृह उद्योग, घोसियाना और बालापुर स्थित संदीप चौधरी की दुकान से धनिया पाउडर के नमूने लिए गए थे। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। प्रयोगशाला की जांच में चारों नमूनों को असुरक्षित और अवमानक घोषित किया गया है। मामले में धनिया के सप्लायर और कानपुर के हरिओम ट्रेडर्स के संचालक समेत छह कारोबारियों से जवाब मांगा गया है।