लालगंज कोतवाली क्षेत्र के घोसियाना स्थित इसी नाले में डूबने से हुई बच्चे की मौत। संवाद
लालगंज। घोसियाना मोहल्ला निवासी अरहम उर्फ अल्तमस (ढाई वर्ष) की बृहस्पतिवार शाम निर्माणाधीन नाला में डूबकर मौत हो गई। हादसे से बकरीद की खुशियां गम में बदल गईं। लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि समय रहते नाला का निर्माण पूरा हो गया होता तो बच्चे की जान बच जाती।
घोसियाना मोहल्ला निवासी आजम का इकलौता बेटा अरहम शाम करीब पांच बजे घर के बाहर खेल रहा था। घर के पास स्थित निर्माणाधीन नाला में घरों से निकला गदा पानी भरा था। खेलते-खेलते अरहम वहां पहुंच गया और उसी में गिरकर डूब गया।
कुछ देर तक बच्चा नजर नहीं आया तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। करीब एक घंटे बाद अरहम नाला में पड़ा दिखाई दिया। परिजनों ने उसे बाहर निकालकर सीएचसी पहुंचाया, जहां मृत घोषित कर दिया गया। बेटे की मौत से मां अल्फिया बदहवास हो गईं। पिता आजम के आंसू नहीं थम रहे हैं।
रिश्तेदार और मोहल्ले के लोग देर रात तक परिवार को सांत्वना देते रहे। हादसे के बाद मोहल्ले के लोगों में नगर पंचायत प्रशासन और ठेकेदार के खिलाफ आक्रोश है। लोगों का कहना है कि वार्ड नंबर 12 में करीब एक साल से नाला निर्माण का काम चल रहा है। काम बेहद धीमी गति से हो रहा है।
आरोप है कि अगर समय पर नाला बन गया होता तो मासूम की जान बच सकती थी। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि अधूरा नाला और गंदा पानी लंबे समय से लोगों की परेशानी बना हुआ है। गलियों में बदबू और जलभराव से लोगों का जीवन दूभर है।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी राजभान शुक्ला ने बताया कि करीब ढाई महीने से काम चल रहा है। स्थायी समाधान के लिए चौड़ा नाला बनाया जा रहा है। जिस जगह मासूम डूबा है, वहां दलदल है। दलदल की वजह से उस क्षेत्र में निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा है। नाला निर्माण के बाद मोहल्ले के लोगों को स्थाई समाधान मिल जाएगा। हालांकि हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच कराई जाएगी। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया।