राही ब्लॉक क्षेत्र के इकछनिया गांव स्थित बदहाल पड़ी हवाई पट्टी।
रायबरेली। जिले के राही ब्लॉक के इकछनिया में लंबे समय से वीरान पड़ी हवाई पट्टी के दिन बहुरने वाले हैं। बजट में जिस तरह हवाईपट्टी विकसित करने की बात वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने की, उससे साफ है कि जिले में भी हवाईपट्टी विकसित होंगी। ऐसे में इकछनिया की हवाईपट्टी के दिन बदलने की उम्मीद है।
जिले के सभी 18 ब्लॉकों में एक-एक स्थायी हेलीपैड भी स्थापित कराने के लिए भूमि खोजी जा रही है। कई ब्लॉकों में भूमि मिल भी गई है। बजट में व्यवस्था होने के बाद जल्द काम शुरू होगा। जिले के इकछनिहा में बनी हवाई पट्टी पर कभी अंग्रेज प्लेन उड़ाते थे। आज महिलाएं पट्टी पर कंडे पाथ रही हैं तो किसानों ने उसे खलिहान बना दिया है।
अब इस हवाई पट्टी को विकसित करने की कवायद शुरू की गई है। इकछनिया व आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों को उम्मीद जगी है कि जल्द इस हवाई पट्टी को विकसित किया जाएगा और उनके गांवों की तस्वीर बदलेगी। राष्ट्रीय हवाई अड्डा विकास योजना 2027 के तहत इकछनिया हवाई पट्टी को विकास के लिए चिह्नित किया गया है। इस कार्य की जिम्मेदारी कानपुर हवाई अड्डे को सौंपी गई है।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, कानपुर हवाई अड्डा के निदेशक संजय कुमार की ओर से मांगी गई सूचना को जिला प्रशासन की तरफ से भेजा गया है। इसमें हवाई पट्टी की कितनी जमीन है, उसके आसपास कौन-कौन से गांव हैं, कोई जमीन का विवाद तो नहीं हैं, आदि सूचनाएं मांगी थी। इकछनिया, कंचौंदा, सरायं मो. शरीफ, नवाबगंज, ओनी कमान, सान्हूं कुआं, भांव, जमालपुर नानकारी, ओनी कोपा गांवों के लोगों में खुशी है। इसके अलावा सभी ब्लॉकों में एक-एक हेलीपैड बनाने का काम भी जल्द ही शुरू होगा।