लालगंज (रायबरेली)। मुबारकपुर गांव के निकट रेलवे ट्रैक किनारे शुक्रवार को मिली लाश की शिनाख्त हो गई है। मृत महिला के भाई ने उसकी फोटो को देखकर उसकी शिनाख्त की। मृतका उन्नाव जिले की रमाकांती पाल थी।
शुक्रवार को मुबारकपुर गांव में रेलवे ट्रैक के किनारे एक महिला का शव मिला था जिसकी शिनाख्त न हो पाने के कारण पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नियमानुसार एक निश्चित समय के लिए उसे जिला स्थित मर्चरी में रखा गया। शनिवार को उन्नाव जनपद के मौरावा थाना अंतर्गत पठई गांव निवासी राजेंद्र कुमार पाल ने कोतवाली आकर मोबाइल में खींची गई तस्वीरों के आधार पर बहन के रूप में उसकी पहचान की है।
मृतका के भाई राजेंद्र कुमार ने बताया कि उसकी बहन रमाकांती पाल विक्षिप्त थी। शुक्रवार को सुबह सात बजे वह दवा लेने की बात कहकर घर से निकली थी। समाचार पत्र के माध्यम से उसे जानकारी हुई। एसएचओ इंस्पेक्टर हरिशंकर प्रजापति ने बताया कि मुबारकपुर में मिली अज्ञात महिला के शव की शिनाख्त हो गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवारीजनों को सौंप दिया जाएगा।