रायबरेली। भदोखर थाना क्षेत्र के पूरे भूसो मजरे गढ़ी मुतवल्ली गांव में फर्जी तरीके से जमीन का बैनामा कराने का मामला आईजी तक पहुंच गया है। पीड़िता ने आईजी को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि उसके पति की जमीन का धोखाधड़ी करके बैनामा करा लिया गया। इसकी जानकारी से सदमे मेें उसके पति की मौत हो गई। मगर भदोखर पुलिस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। क्षेत्राधिकारी ने मुकदमा दर्ज करने का आदेश भी दिया। इसके बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई।
पूरे भूसो मजरे गढ़ी मुतवल्ली गांव की रहने वाली दुर्गावती ने बताया कि उसके पति राजकिशोर की जमीन मुंशीगंज बाईपास के किनारे है। 26 जून को उक्त कीमती जमीन को एक शिक्षक ने धोखाधड़ी करके अपने नाम बैनामा करा लिया। जानकारी होने पर पति राजकिशोर ने न्याय की गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
एक महीने बाद सदमे के चलते पति की मौत हो गई। शिकायत के बाद भी पुलिस ने पोस्टमार्टम तक नहीं कराया। मामले की शिकायत पुलिस अधिकारियों से की गई। सीओ सदर ने भदोखर पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश भी दिए, लेकिन आज तक रिपोर्ट नहीं दर्ज हुई। पीड़िता दुर्गावती ने बताया कि आईजी ने मामले में कार्रवाई का भरोसा दिया है।