रायबरेली। अंतरवाहिनी पीएसी मध्य जोन की 25वीं वाहिनी रायबरेली में आयोजित तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का बुधवार देर शाम समापन हो गया। मुख्य अतिथि सेनानायक डॉ. अरविंद भूषण पांडेय, उप सेनानायक तारिक मोहम्मद, सहायक सेनानायक देवनारायण यादव ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।
प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों की पीएसी वाहिनी से आईं आठ टीमों ने भाग लिया। जूडो चैंपियनशिप पर मेजबान टीम 25वीं वाहिनी पीएसी रायबरेली ने कब्जा किया।
25वीं वाहिनी ने 16 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान बनाया। जिम्नास्टिक में भी 25वीं वाहिनी पीएसी रायबरेली अव्वल रही। वुशू प्रतियोगिता में 10वीं वाहिनी पीएसी, बाराबंकी ने 16 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान पर कब्जा किया।
ताइक्वांडो में 27वीं वाहिनी पीएसी, सीतापुर ने 10 अंकों के साथ पहले स्थान पर कब्जा किया। 25वीं वाहिनी पीएसी के आरक्षी मुकेश चौहान को सर्वश्रेष्ठ जिम्नास्ट घोषित किया गया।
वालीबॉल में जीती रोखा की टीम, विजेता पुरस्कृत
डीह (रायबरेली)। विकास क्षेत्र के कांटा बाग में अमृत क्रीड़ा महोत्सव के तहत आयोजित ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का बुधवार को देर शाम समापन हो गया। सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
वालीबॉल में रोखा की टीम जीती। सीनियर वर्ग की 100 एवं 200 मीटर दौड़ में करुणा शंकर, 400 एवं 1500 मीटर दौड़ में अनुज दुबे अव्वल रहे। 800 मीटर दौड़ में संजय, 3000 मीटर दौड़ में सुभाष प्रथम आए। गोला फेंक में सुहेल, लंबी कूद में करुणा शंकर, ऊंची कूद में अनूप पाल विजेता रहे।
सीनियर बालिकाओं की गोला फेंक में प्रिया, लंबी कूद में सुलेखा, ऊंची कूद में ज्योति अव्वल रहीं। मुख्य अतिथि विवेक सिंह, बीडीओ जितेंद्र प्रताप सिंह, बीईओ शिवशंकर मिश्र ने खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र दिए। इस मौके पर रंजीत, धीरेंद्र, फूलचंद आदि मौजूद रहे।