लालगंज (रायबरेली)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में 20 बेड के अतिरिक्त अस्पताल के निर्माण के लिए भूमि चिह्नित कर ली गई है। बुधवार को खाली पड़ी भूमि की नाप कराई गई।
अस्पताल निर्माण की जिम्मेदारी यूपी निर्माण निगम (कार्यदायी संस्था) को दी गई है। भूमि पूजन की तैयारियां शुरू कर दी गईं हैं। पीएचसी अंबारा पश्चिम में छह बेड का अतिरिक्त कक्ष और सरेनी के तेजगांव में भी 20 बेड के अस्पताल का निर्माण कराए जाने की तैयारी है।
निगम के कर्मचारियों ने बताया कि अस्पताल के निर्माण में लगभग तीस लाख रुपये की लागत आएगी। सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजेश कुमार गौतम ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अंबारा पश्चिम में भी छह बेड के अतिरिक्त कक्ष का निर्माण शुरू कराया जा रहा है।
सरेनी के तेजगांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 20 बेड के अस्पताल का निर्माण कराया जाएगा। निर्माण कार्य पूरा हो जाने के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं में बढ़ोत्तरी होगी, जिससे स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी।