रायबरेली के सरेनी ब्लॉक क्षेत्र में मंगलवार को होमगार्ड के घर में लगी आग बुझाते ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
सरेनी ब्लॉक क्षेत्र में मंगलवार को आग से एक होमगार्ड जिंदा जल गया। जबकि घर जलकर राख हो गया। इस घटना से हड़कंप मच गया। काफी मशक्कत के बाद आग को काबू में किया जा सका। सूचना पर सीओ लालगंज और थानेदार मौके पर पहुंचे।
आग लगने की कोई वजह सामने नहीं आई है। पुलिस ने लिखापढ़ी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सरेनी ब्लॉक क्षेत्र के बसावनखेड़ा गांव निवासी सुरेश माली (48) होमगार्ड था। उस समय उसकी ड्यूटी सरेनी थाने में थी। मंगलवार को दोपहर घर में सो रहा था।
इसी दौरान अचानक आग लग गई। जब तक सुरेश की नींद खुलती, तब तक वह लपटों से घिर गया। इससे पहले कि शोरगुल पर ग्रामीण पहुंचकर आग को बुझाते, होमगार्ड सुरेश माली की जलकर मौत हो गई।
आग से नकदी, जेवरात, अनाज समेत ढाई लाख रुपये का सामान भी जलकर राख हो गया। घटना की सूचना पर सीओ लालगंज राम अर्ज व थानेदार आरके सिंह फोर्स के साथ पहुंचे। सीओ ने घटना की बाबत पूछताछ की।
सीओ ने पीड़ित परिवार को सरकारी मदद दिलाने की बात कही। वहीं होमगार्ड की मौत से उसकी पत्नी ननकई समेत अन्य परिवारीजनों में रोना पिटना मच गया।