फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Raebareli News: पुलिस भर्ती दौड़ में बिगड़ी तबीयत, 21 अभ्यर्थी बेहाेश

Mon, 05 Oct 2026 01:35 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रायबरेली
विज्ञापन
जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पुलिस भर्ती में बीमार हुए युवक का होता इलाज।
विज्ञापन
रायबरेली। जिले की 25वीं वाहिनी पीएसी में चल रही उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती प्रक्रिया की शारीरिक परीक्षा में रविवार को 21 अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ गई। चक्कर आने और कमजोरी के कारण एक के बाद एक अभ्यर्थी मैदान में गिरकर बेहोश हो गए। इससे भर्ती स्थल पर अफरातफरी मच गई। आननफानन सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया।
विज्ञापन


फिजिकल परीक्षा के लिए लखनऊ, बाराबंकी, सुल्तानपुर, फतेहपुर, अयोध्या और रायबरेली के अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि सर्वर नहीं चलने के कारण भर्ती प्रक्रिया में देरी हुई और उन्हें तेज धूप में दौड़ाया गया, जिससे कई की तबीयत बिगड़ गई।

बाराबंकी से भर्ती में शामिल होने आए अभ्यर्थी राघवेंद्र यादव ने बताया कि सुबह पांच बजे बुलाया गया था। 5:30 बजे दौड़ प्रस्तावित थी। उनके मुताबिक, सर्वर न चलने के कारण प्रक्रिया में देरी हुई। करीब 8:30 बजे धूप में दौड़ कराई गई। दौड़ के दौरान कई अभ्यर्थी चक्कर खाकर मैदान में गिर पड़े।
विज्ञापन



अभ्यर्थी अभिषेक कुमार ने बताया कि वह पीएसी मैदान में भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने पहुंचे थे। कड़ी धूप में करीब आठ बजे दौड़ कराई गई। दौड़ के दौरान अचानक चक्कर आने पर वह मैदान में गिर पड़े। घटना के बाद भर्ती स्थल पर मौजूद कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों ने संभाला और जिला अस्पताल भेजा। अस्पताल में चिकित्सकों ने उपचार किया। एक साथ बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के अस्पताल पहुंचने से वहां भी अफरातफरी की स्थिति रही।

अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि पैरों में खिंचाव की वजह से कुछ अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ी थी। प्राथमिक उपचार के बाद सभी स्वस्थ हो गए।



इन अभ्यर्थियों की बिगड़ी हालत

फतेहपुर के सत्यम (22), सौरव चौधरी (24), अयोध्या के रीतेश गुप्ता (27), विपाल (22), अश्वनी पांडेय (26), अमरेश कुमार (24), लखनऊ के अभिषेक (24), बाराबंकी के अंकित पटेल (26), पंकज (24), दीशांक (22), शैलेंद्र (24), सुल्तानपुर के कुलदीप कुमार (29), प्रतीक सिंह (23), अटल तिवारी (22), अर्पणा मिश्रा (23) और राजवीर (23) समेत 21 अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ी। सभी का जिला अस्पताल में इलाज कराया गया। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि सभी अभ्यर्थियों का उपचार किया गया है। उनकी हालत ठीक है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें