रायबरेली। दिल्ली जाने की जिद पर अड़ी पत्नी को रास्ते से हटाने के लिए एक पति ने दोस्त संग मिलकर उसका गला घोंट दिया। पुलिस ने सोमवार को हत्याकांड का खुलासा करते हुए पति और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक रायबरेली शहर के छोटा बाजार निवासी राहुल और गोंडा जिले के करनैलगंज थाना क्षेत्र के सकरौरा मोहल्ले की रहने वाली तनु (22) की एक साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हुई थी। बाद में यह दोस्ती प्यार में बदली और बात शादी तक पहुंच गई। तनु यहां आ गई और उसने छोटा बाजार स्थित राधा कृष्ण मंदिर में राहुल के साथ शादी कर ली। शादी के छह माह बाद दोनों दिल्ली चले गए।
सदर कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार सिंह के मुताबिक दो माह पहले दिल्ली से ही राहुल और तनु यहां घर आए थे। राहुल चाट की दुकान लगा रहा था। तनु दिल्ली चलने की बात कहती रही, लेकिन राहुल यहीं पर रहना चाहता था। इसके अलावा पैसों के लेनदेन को लेकर भी दोनों में विवाद हुआ करता था। 12 जून की शाम दंपती में दिल्ली जाने को लेकर विवाद हुआ। इस पर राहुल ने शहर के ही कप्तान का पुरवा निवासी साथी विनोद माली को घर बुला लिया। दोनों ने गमछे से गला घोंटकर तनु की हत्या कर दी।
इसके बाद दोनों ने मिलकर तनु को जिला अस्पताल पहुंचाया और चिकित्सक को गुमराह करते हुए जानकारी दी कि उसने फांसी लगा ली है। तनु के गले पर चोट के निशान दिखने पर चिकित्सक को शक हुआ तो उन्होंने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराया। 14 जून को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई तो उसमें पता चला कि तनु की हत्या की गई थी। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि सोमवार सुबह राहुल और उसके साथी विनोद को पकड़कर जेल भेज दिया गया।
परिजन पीछे हटे तो दरोगा को बनाया वादी
तनु की मौत की सूचना और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने की जानकारी पुलिस की तरफ से उनके परिजनों को दी गई। पुलिस परिजनों से केस दर्ज कराने की बात कह रही थी। परिजनों ने केस दर्ज कराने से मना कर दिया। इस पर एसपी डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर कोतवाली में तैनात दरोगा गौरव तालियान को वादी बनाया गया और उनकी तहरीर पर हत्या का केस लिखाया गया।