ऊंचाहार (रायबरेली)। जमुनापुर चौराहे के पास एक मकान में गुरुवार तड़के थोक व्यापारी ने आंगन में लगे लोहे के जाल से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
जालौन जिले के उरई कोतवाली क्षेत्र के बिनौरा गांव निवासी केशव (22) पुत्र हरिसिंह कुशवाहा पानी के बताशे बनाकर थोक में बिक्री करता था। वह चौराहे के पास एक मकान में अपने छोटे भाई रिषभ, मां व पिता के साथ रहता था। चार दिन पहले उसकी मां व पिता गांव चले गए।
गुरुवार सुबह वह सोकर उठा। इस बीच उसका भाई मार्निंग वॉक पर चला गया। इस दौरान युवक ने घर की दूसरी मंजिल पर आंगन में लगे लोहे के जाल में रस्सी बांधकर फांसी लगा ली।
उसका भाई जब लौटकर आया तो उसे फंदे पर लटके देख शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। प्रभारी कोतवाल विनय कुमार सिंह ने बताया कि युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। घटना की कोई वजह सामने नहीं आई है।