रायबरेली। दिल्ली की फर्म शहर के सुपर मार्केट स्थित जर्जर गुरुतेग बहादुर मार्केट की मरम्मत कराएगी। नगर पालिकाध्यक्ष शत्रोहन सोनकर ने बुधवार को सभासदों, व्यापारियों के साथ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क में भूमि पूजन कर कार्य का शुभारंभ किया। अब बृहस्पतिवार से मार्केट का मरम्मत कार्य तेजी के साथ चालू होगा।
गुरुतेग बहादुर मार्केट के निर्माण के बाद से मरम्मत कार्य नहीं हुआ था। साल 2003 में केवल छज्जों की पुताई कराई गई थी, जो पर्याप्त नहीं थी। इस कारण जल निकासी व्यवस्था बाधित हो गई है, जिससे दीवारों में सीलन आ गई है और छज्जे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक भवन के छज्जों का प्लास्टर टूटने, सरिया में जंग लगने की बात सामने आई थी। इस रिपोर्ट के बाद मार्केट के ध्वस्तीकरण की योजना थी, लेकिन बाद में व्यापारियों के विरोध में इस पर अमल नहीं किया गया था।
पालिकाध्यक्ष ने बताया कि मार्केट का मरम्मत कार्य दिल्ली की फर्म मेसर्स खैरातीलाल को सौंपा गया है। इस कार्य पर एक करोड़ 37 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। कार्य पूरा होने में छह माह का समय लगेगा। नए साल 2027 के जनवरी तक कार्य पूरा हो जाएगा। यह सुपर मार्केट रायबरेली नगर पालिका परिषद के लिए आय का एक महत्वपूर्ण स्रोत है, जिससे प्रति वर्ष लगभग 14 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त होता है।
इसके अतिरिक्त यह हजारों लोगों के लिए आजीविका का साधन है, जहां विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठान वर्षों से संचालित हो रहे हैं। भूमि-पूजन के दौरान सभासद परमजीत सिंह गांधी, जय प्रकाश वर्मा, पंकज साहू, मोहित, किरन भारती के अलावा व्यापारी नेता पंकज मुरारका, बसंत सिंह बग्गा, अतुल गुप्ता और अंशू सोनकर मौजूद रहे।
छह माह से चल रहे विवाद का हुआ पटाक्षेप
जर्जर गुरुतेग बहादुर मार्केट के मरम्मत कार्य कराने को लेकर छह माह से विवाद चल रहा था। व्यापारी पूरी तरह से लामबंद थे। परमजीत सिंह गांधी, राजेश अग्रवाल समेत अन्य व्यापारी चाहते थे कि मार्केट का ध्वस्तीकरण न हो। मरम्मत कार्य कराया जाए। इसको लेकर खूब हो हल्ला हुआ। बुधवार को भूमि-पूजन के साथ विवाद का पटाक्षेप हो गया। खास बात ये है कि तीन बार टेंडर प्रक्रिया कराने के बाद दिल्ली की फर्म को यह कार्य मिल सका। यहां स्थानीय स्तर पर मार्केट का मरम्मत कार्य कराने को लेकर ठेकेदार आगे नहीं आ रहे थे।