रायबरेली। देवगांव में चोरों ने शनिवार रात तीन घरों से नकदी, जेवरात समेत 30 लाख का सामान पार कर दिया। घटना से लोगों में आक्रोश है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। पुलिस का दावा है कि क्षेत्र में पहले से सक्रिय चोरों ने वारदात की है। जल्द घटना का खुलासा होगा।
देवगांव गांव निवासी दो सगे भाइयों रामखेलावन गौड़ और बाबूशंकर गौड़ के घर को चोरों ने निशाना बनाया। रामखेलावन खेती करते हैं। उनके तीन बेटे दिल्ली में रहते हैं, जबकि रामखेलावन बेटियों के साथ गांव में रहते हैं। रात में सभी लोग घर के बाहर सो रहे थे।
घर के पीछे की खिड़की तोड़कर चोरों ने घर में प्रवेश किया। अलमारी व तीन कमरों के दरवाजे तोड़कर चोरों ने 11 लाख के जेवरात, 15 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। इसके बाद घर के बगल के मकान में रह रहे रामखेलावन के भाई बाबूशंकर गौड़ के घर चोर पहुंचे।
बाबूशंकर सिंघाड़ा की खेती करते हैं। वह घर के बाहर पत्नी रानी के साथ सो रहे थे। छत से जीने के रास्ते चोर घर के अंदर घुसे। इसके बाद चोरों ने नौ लाख कीमत के जेवरात व पांच हजार की नकदी पार कर दी। इसके बाद चोरों ने गांव निवासी किसान संजय सिंह के घर से भी सात लाख रुपये के जेवरात समेत अन्य सामान चुरा लिया। यहां पर करीब आठ लाख रुपये की चोरी की।
रविवार सुबह पीड़ितों की नींद खुली तो घरों का सामान इधर-उधर बिखरा था। अलमारी व दरवाजों के ताले टूटे थे। यह देख सभी दंग रह गए। दोनों सगे भाइयों ने संयुक्त रूप से पुलिस को चोरी की घटना की तहरीर दी है। बताया जा रहा है कि जिस तरह चोरी की घटना हुई है, उससे कयास लगाए जा रहे हैं कि घटना में क्षेत्र में सक्रिय चोरों का हाथ है। खीरों थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। जल्दी की घटनाओं का पर्दाफाश होगा। चोरों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।