छापा के दौरान पकड़े गए आरोपी के पास से बरामद गांजा।
रायबरेली। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स बाराबंकी (एएनटीएफ) व ऊंचाहार पुलिस की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार रात 108.410 क्विंटल गांजा बरामद करते हुए ढाबा संचालक अंकित सिंह समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक बरामद गांजे की कीमत करीब 55 लाख रुपये है।
पुलिस का दावा है कि काफी समय से ढाबे के आड़े में गांजा बिक्री की जा रही थी। आरोपियों को दीवानी कचहरी स्थित कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। सीओ डलमऊ गिरजाशंकर त्रिपाठी के मुताबिक लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर तिवारीपुर स्थित ढाबे के पास कुछ लोग स्कार्पियो पर गांजा लेकर बिक्री करने के फिराक में थे।
सूचना पर एएनटीएफ के सीओ अमित प्रताप सिंह ने ऊंचाहार पुलिस की संयुक्त टीम के साथ घेराबंदी करके भागीपुर गांव निवासी अंकित सिंह, पनवारी मजरे दौलतपुर प्रिंस यादव व डलमऊ कोतवाली घुरवारा सर्वेश जायसवाल को गिरफ्तार किया। स्कार्पियो से गांजे के अलावा 5500 रुपये की नकदी, तीन मोबाइल बरामद हुए। सीओ ने बताया कि ढाबा संचालक अंकित अपने दो साथियों के साथ गांजा बिक्री का काम करता था। बरामद गांजा प्रयागराज से एक व्यक्ति से खरीदकर यहां बिक्री करने आए थे। स्कार्पियो को सीज कर दिया गया है।
एनटीपीसी होटल के पास भी तस्करों का आना-जाना
एनटीपीसी ऊंचाहार के पास एक होटल में भी गांजा तस्करों के अलावा अन्य अराजकतत्वों का आना जाना है। स्थानीय पुलिस की मिलीभगत होने के चलते होटल संचालक पर कोई कार्रवाई नहीं होती है। सूत्रों का दावा है कि यहां पर रायबरेली के अलावा प्रतापगढ़, प्रयागराज के लोग आते हैं। इसमें कई गांजा तस्कर शामिल होते हैं। ऊंचाहार इलाका पहले भी गांजा तस्करी के लिए बदनाम है। सीओ डलमऊ गिरजाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि होटलों की जांच कराकर अराजकतत्वों को चिन्हित करके कार्रवाई होगी।