जिला कृषि अधिकारी एसके पांडेय की टीम ने मंगलवार को महराजगंज तहसील क्षेत्र में खाद की निजी दुकानों पर छापामारी करके संदिग्ध प्रतीत होने पर खाद के आठ नमूने लिए।
खामियां मिलने पर चार दुकानों के लाइसेंस निरस्त करने के साथ ही एक दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया। वहीं तीन दुकानदारों को नोटिस देकर जवाब मांगा है।
कृषि अधिकारी की टीम ने महराजगंज तहसील क्षेत्र के हलोर में सबसे पहले खाद की दुकानों को चेक किया। किसान सेवा केंद्र व यादव खाद भंडार पर तमाम कमियां मिलने पर दुकानों के लाइसेंसों को निरस्त करने का आदेश दिया।
शिवगढ़ क्षेत्र के ओसाह में खाद वितरण से संबंधित दस्तावेज न दिखाने पर अनुपम खाद भंडार के संचालक को नोटिस दी और मौर्या खाद भंडार के लाइसेंस को निलंबित कर दिया।
शिवगढ़ कस्बे में जायसवाल खाद भंडार पर भी अनियमितता मिलने पर लाइसेंस निरस्त कर दिया। भवानीगढ़ में वर्मा खाद भंडार का लाइसेंस भी निरस्त किया गया। बैंती में खाद की दो दुकानों के संचालकों को नोटिस दिया गया है।
टीम ने अलग-अलग दुकानों से डीएसपी, यूरिया और जिंक के आठ नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। कृषि अधिकारी एसके पांडेय ने बताया कि दुकानों पर कालाबाजारी नहीं होने दी जाएगी।
जो भी महंगी खाद बेचते मिला उस पर केस दर्ज कराया जाएगा।