रायबरेली। रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। जिले से होकर गुजरने वाली चार जोड़ी ट्रेनों का ठहराव लखनऊ के मोहनलालगंज स्टेशन पर होगा। यह व्यवस्था 25 फरवरी से लागू की जाएगी। एक मार्च तक अस्थायी रूप से ठहराव करने की बात कही गई है, लेकिन इसे नियमित करने का प्रयास किया जाएगा। इससे यात्रियों को काफी लाभ मिलेगा। लखनऊ से पहले तक सफर करने वाले यात्रियों को आसानी होगी।
मोहनलालगंज बड़ा स्टेशन है, लेकिन सिर्फ पैसेंजर ट्रेन ही रुकती हैं। एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव न होने से यात्रियों को बछरावां या फिर लखनऊ उतरना पड़ता है। हावड़ा और अमृतसर से बीच दौड़ने वाली पंजाब मेल, देहरादून और बनारस के बीच दौड़ने वाली जनता मेल, सिंगरौली/शक्ति नगर और टनकपुर के बीच दौड़ने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस तथा बरेली और प्रयागराज के बीच दौड़ने वाली एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव मोहनलालगंज स्टेशन पर शुरू किया जाएगा। ये चारों ट्रेनें लखनऊ की ओर से आएं या फिर रायबरेली से चलें, दोनों दिशाओं से मोहनलालगंज स्टेशन पर एक मिनट जरूर रुकेंगी।
ये सभी ट्रेनें रोजाना आती-जाती हैं, लेकिन लखनऊ और बछरावां के बीच ठहराव नहीं है। इन दोनों स्टेशनों के बीच मोहनलालगंज बड़ा स्टेशन होने के बावजूद ट्रेनें नहीं रुकती है। इस वजह से यात्रियों को दिक्कत होती है। ट्रेनों का ठहराव शुरू होने से यात्रियों को काफी फायदा मिलेगा। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार का कहना है कि 25 फरवरी से एक मार्च तक कई ट्रेनों का अस्थाई रूप से ठहराव करने का आदेश मिल गया है।