रायबरेली। जिले में बिना लाइसेंस व मानकों को ताक पर रखकर संचालित मेडिकल स्टोरों पर शिकंजा कसने के लिए ड्रग इंस्पेक्टर दीपक शर्मा ने शुक्रवार को छापेमारी की। छापेमारी के दौरान शहर के त्रिपुला चौराहा व महराजगंज क्षेत्र की दवा की चार दुकानों को सील कर दिया गया। कमियां मिलने पर आठ मेडिकल स्टोर संचालकों को नोटिस देकर दुकानों को सील करने की चेतावनी दी गई। एक साथ बड़ी कार्रवाई देख कई संचालक दुकानें बंद करके भाग गए।
ड्रग इंस्पेक्टर ने शुक्रवार को शहर के त्रिपुला चौराहा स्थित मौया मेडिकल स्टोर को चेक किया। बताते हैं कि यहां लाइसेंस न मिलने के साथ ही अन्य तमाम खामियां मिली। मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया। इसके बाद महजरागंज क्षेत्र के हलोर कस्बे में ओम मेडिकल स्टोर में भी अभिलेख न मिलने पर उसे सील कर दिया गया। पहरेमऊ में शुभम मेडिकल स्टोर व अक्षय मेडिकल स्टोर को भी दवाओं से संबंधित दस्तावेज न मिलने पर सील कर दिया गया।
ड्रग इंस्पेक्टर ने हलोर में ही देव मेडिकल स्टोर, महराजगंज में राधे मेडिकल स्टोर, चौरसिया मेडिकल स्टोर, शुक्ला मेडिकल स्टोर, सर्वेश मेडिकल स्टोर, न्यू यादव मेडिकल स्टोर, राज मेडिकल स्टोर और गरिमा मेडिकल स्टोर को चेक किया। दवा की इन दुकानों पर कहीं फार्मासिस्ट नहीं तो कहीं दवाओं के रख रखाव ठीक नहीं मिला। दवाओं के बिल भी नहीं मिले। इसके अलावा नियमित ग्राहकों को बिल भी नहीं दिए जा रहे थे। तमाम खामियां मिलने पर संबंधित मेडिकल स्टोर संचालकों को नोटिस देकर सात दिन में जवाब देने के आदेश दिए गए हैं।
ऐसा न करने पर लाइसेंस निरस्त करने के साथ ही दुकानों को सील करने की चेतावनी दी। ड्रग इंस्पेक्टर दीपक शर्मा ने बताया कि छापेमारी में चार मेडिकल स्टोरों को सील किया गया है। आठ संचालकों को नोटिस देकर सात दिन में सभी अभिलेख उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए हैं। अभियान जारी रखा जाएगा। मेडिकल स्टोरों में कमियां मिलने पर उन्हें सील किया जाएगा। बिना लाइसेंस दवा की दुकानें संचालित नहीं होने दी जाएंगी।