फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Raebareli News: कोहरा पड़ने से बढ़ने लगी सर्दी, जनजीवन पर दिखा असर

Tue, 16 Dec 2025 09:51 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रायबरेली
विज्ञापन
शहर में मंगलवार को कोहरे के बीच निकलते लोग।
विज्ञापन
रायबरेली। सर्दी का मौसम धीरे-धीरे बदल रहा है। मंगलवार को सुबह घना कोहरा होने से जनजीवन प्रभावित रहा। वाहनों की रफ्तार धीमी रही तो गलन बढ़ने से लोग सर्दी से बचने के उपाय करते दिखे। हालांकि धूप निकली तो कुछ हद तक सर्दी से राहत मिली। दिन ढलने के साथ गलन बढ़ गई, जिससे सड़कों पर आवाजाही कम रही।
विज्ञापन

दिसंबर के तीसरे सप्ताह से कोहरा और गलन का असर बढ़ने लगा है। मंगलवार भोर में कोहरे का घनत्व कम रहा, लेकिन सात बजे के बाद घना कोहरा पड़ने लगा। इससे स्कूल जाने वाले बच्चों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कोहरा पड़ने से गलन भी बढ़ी है। हाईवे पर वाहन चालकों को हेड व टेल लाइट जलाकर निकलना पड़ा। शहर में भी कोहरे के दौरान यातायात की रफ्तार सुस्त रही। सुबह 11 बजे से जब धूप निकली तो कोहरा कम हुआ और दोपहर एक बजे तक आसमान साफ हो गया। मंगलवार को हवा की रफ्तार भी औसत से अधिक रही, जिससे कमरों के भीतर गलन महसूस की गई।
शाम होते-होते सर्द हवाओं के कारण गलन बढ़ गई थी। सड़क पर गुजर-बसर करनेे वाले लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रिकार्ड किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहा। इंदिरा गांधी उड़ान अकादमी फुरसतगंज के मौसम विशेषज्ञ दीतेंद्र सिंह ने बताया कि न्यूनतम तापमान औसत से कम है। वहीं अधिकतम तापमान में भी मंगलवार को गिरावट दर्ज की गई। आने वाले दिनों में घना कोहना और अधिकतम तापमान के और गिरने की संभावना है।
विज्ञापन

पांच दिन के तापमान पर नजर
12 दिसंबर-24.5 डिग्री -9.9 डिग्री
13 दिसंबर-24.5 डिग्री -8.1 डिग्री
14 दिसंबर-25.7 डिग्री -9 डिग्री
15 दिसंबर-25.1 डिग्री -8.5 डिग्री
16 दिसंबर-22 डिग्री- 9 डिग्री
इनसेट
ठंड ने बढ़ाई ठिठुरन, 13 स्थानों पर जलाए गए अलाव
लालगंज। घना कोहरा और धुंध के साथ ठिठुरन बढ़ने से बुधवार को लोग अलाव के किनारे बैठने को मजबूर हुए। सुबह साढ़े दस बजे तक दृश्यता कम रही। कोहरे के कारण सड़क पर वाहन रेंगते नजर आए। दोपहिया वाहन चालक व बुजुर्गों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ठंड की वजह से बाजार और चौराहों पर सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ कम रही।
प्रशासन ने लोगों को ठंड से बचाने के लिए चिन्हित 13 स्थानों पर अलाव जलाने के निर्देश दिए। एसडीएम मिथिलेश त्रिपाठी ने बताया कि दोसड़का, मलपुरा ग्रामसभा के बेहटा चौराहा, गेगासों में पुरानी चुंगी, तहसील परिसर और खजूर गांव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरेनी बाजार, सेमरी चौराहा, पूरे पांडेय चौराहा, बेनी माधवगंज बाजार और खीरों ब्लॉक परिसर में अलाव जलने के निर्देश दिए गए हैं। नगर पंचायत कार्यालय परिसर व गेगासों गंगा घाट पर रैन बसेरा बनाया गया है। संवाद
इनसेट
कोहरा छाने से किसान हुए खुश
हलोर। सुबह घना कोहरा होने से किसानों के चेहरे पर खुशी दिखी। किसानों ने कोहरे को गेहूं की फसल के लिए लाभदायक माना है। किसान प्रेम शंकर मिश्रा, गंगासागर पाण्डेय, अरुण कुमार सिंह, प्रवीण त्रिपाठी, दिलीप तिवारी, बब्लू मिश्रा, अमित त्रिपाठी ने बताया कि नमी बढ़ने से खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को मजबूती मिलती है, जिससे पैदावार अच्छी होती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें