परीक्षा केंद्र के स्ट्रांग रूम में मिली खामी, फटकार
संस्कृत विद्यालय की जांच में आए जेडी ने किया सेंटर का निरीक्षण
रायबरेली। बछरावां क्षेत्र के राजामऊ स्थित आदर्श इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र में रविवार को छुट्टी के बावजूद संयुक्त शिक्षा निदेशक सुरेंद्र कुमार तिवारी पहुंच गए। निरीक्षण के दौरान स्ट्रांग रूम में खामियां मिली तो उन्होंने जमकर फटकार लगाई और तुरंत व्यवस्था दुरुस्त करने का फरमान दिया। कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा बहुत जरूरी है। छोटी-छोटी लापरवाही भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बछरावां क्षेत्र के राजामऊ स्थित संस्कृत विद्यालय की जांच में यहां आए जेडी ने यहीं पर बनाए गए परीक्षा केंद्र आदर्श इंटर कॉलेज का निरीक्षण कर लिया। जेडी के अचानक पहुंचने पर अफरातफरी का माहौल रहा। जेडी ने परीक्षा केंद्र में प्रश्नपत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं के रखरखाव की व्यवस्था देखी। मौके पर चौकीदार की ड्यूटी के संबंध में बनाई गई लॉगबुक न मिलने पर नाराजगी जताई।
पता चला कि यह लॉगबुक आलमारी में बंद करके रखी गई है। स्ट्रांग रूम में बाहर खुलने वाली एक खिड़की में दराज नजर आने पर जेडी ने फटकार लगाई। उन्होंने इस खिड़की को पूरी तरह बंद कर दिया जाए। कोई भी दराज नजर नहीं आनी चाहिए। निरीक्षण के समय साथ में डीआईओएस डॉ. चंद्रशेखर मालवीय भी मौजूद रहे।
आला अफसरों के निर्देश पर संस्कृत विद्यालय की छानबीन के लिए रविवार को छुट्टी के बावजूद संयुक्त जांच समिति यहां पहुंची। बछरावां क्षेत्र के राजामऊ स्थित राधाकृष्ण संस्कृत महाविद्यालय में एक मामले की छानबीन के लिए संयुक्त जांच समिति बनाई गई है, जिसमें संयुक्त शिक्षा निदेशक सुरेंद्र कुमार तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. चंद्रशेखर मालवीय, वित्त एवं लेखाधिकारी सीमा पांडेय शामिल हैं। समिति के तीनों सदस्य विद्यालय पहुंचे और अभिलेखों की पड़ताल की। डीआईओएस ने बताया कि जांच आख्या सोमवार को सौंपी जानी है, इसलिए आज छानबीन की गई।