रायबरेली। नगर पंचायत डलमऊ के अफसरों की अनदेखी की वजह से गंगा नदी में नालों का दूषित पानी जा रहा है। इससे कार्तिक पूर्णिमा पर दूषित जल में करीब पांच लाख श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाएंगे। दूषित पानी को शुद्ध करने के लिए नदी में छोड़ने की योजना कागजों तक सीमित है। कार्तिक पूर्णिमा पांच नवंबर को है। डलमऊ के विभिन्न घाटों पर रायबरेली के अलावा सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, अमेठी, लखनऊ के पांच लाख श्रद्धालु गंगा नदी में स्नान करने आएंगे।
वैसे तो श्रद्धालु ऊंचाहार के गोकना, सरेनी के रालपुर, गेंगासो घाट पर स्नान करने आते हैं, लेकिन सबसे ज्यादा भीड़ डलमऊ के घाटों पर होती है। डलमऊ के हर घाट पर गंदे नालों का पानी गिर रहा है। मेला शुरू होने से पहले अधिकारी वीआईपी घाट पर गंगा आरती करते हैं। यहां भी नाला गंगा के पानी को दूषित कर रहा है। प्रदेश सरकार ने डलमऊ में लगने वाले कार्तिक पूर्णिमा मेला को प्रांतीय मेले का दर्जा दिया है। महीनों पहले मेले की तैयारी शुरू होती है, लेकिन गंगा को दूषित करने वाले नालों के पानी को रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाते।
बड़ा मठ के स्वामी दिव्यानंद महाराज ने बताया कि गंगा को अविरल बनाने के लिए हर साल करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन श्रद्धालु प्रतिवर्ष दूषित जल में स्नान करना पड़ता है। सवाल यह है कि गंगा के आंचल को मैला कर रहे नालों को शोधित करने की प्रक्रिया पहले शुरू हुई थी, लेकिन गंगा में गंदा पानी जाने से नहीं रोका जा सका। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी जेपी मौर्य का कहना है कि समय-समय पर गंगा नदी के पानी की जांच होती है। मौजूदा समय में गंगा पानी शुद्ध हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष बृजेश दत्त गौड़ ने बताया कि गंगा से जो भी नाले जुड़े हुए हैं, उनके पानी को ट्रीटमेंट प्लांट के माध्यम से शोधित किया जा रहा है ताकि गंगा नदी का पानी साफसुथरा हो सके।
यह नाले कर रहे गंगा को दूषित
सडक़ घाट नाला, पथवारी देवी घाट नाला, महावीर घाट नाला, शुकुल घाट नाला, मठ घाट नाला, श्मशान घाट नाला व पड़वा नाला