फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Raebareli News: निस्तारण की आस में मिली आश्वासन की घुट्टी

Sun, 02 Nov 2025 12:27 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रायबरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
डलमऊ। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में समस्याओं के निस्तारण की आस लेकर पहुंचे फरियादियों को सिर्फ अफसरों से आश्वासन की घुट्टी मिली। इससे फरियादियों को हताश व निराश हो कर वापस लौटना पड़ा। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर व पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह ने डलमऊ तहसील सभागार में पहुंचकर पीड़ितों की शिकायतों को सुना।
विज्ञापन

पीड़ितों ने इस दौरान जर्जर खड़ंजा मार्ग की मरम्मत के साथ ही अवैध कब्जेदारी से लेकर मृत्यु व जन्म प्रमाणपत्र बनने में होने वाली परेशानी को प्रमुखता से बताया। सूरजपुर बनापार के बृजेश मौर्य, सहदेव मौर्य, अजय कुमार व रामबक्श ने डीएम को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि गांव में 20 साल पुराना खड़ंजा मार्ग बना है, जो जर्जर हो गया है। इसी कारण रास्ते में हमेशा जलभराव रहता है। इससे ग्रामीणों को आने जाने में काफी परेशानी होती है। बताया कि कई बार मार्ग को दुरुस्त कराने की मांग की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
डीएम ने मौके पर ही बीडीओ को मामले की जांच कर खड़ंजा मार्ग दुरुस्त करवाने का निर्देश दिया। मुर्शिदाबाद के रजल ने बताया कि दो माह पहले उनके पिता की मौत हो गई है। मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन किया था लेकिन ग्राम विकास अधिकारी प्रमाण पत्र जारी करने में टालमटोल कर रहे हैं। इस मौके पर मौजूद मातहतों को डीएम ने निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध स्तर पर पूरी गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित कराया जाए। इस दौरान 21 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से महज दो प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारण किया गया।
विज्ञापन

नाली निर्माण में धांधली का लगाया आरोप
लालगंज तहसील सभागार में एसडीएम मिथलेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान 25 शिकायतें आई। मौके पर तीन शिकायतों का निस्तारण किया गया। रणगांव निवासी सुजीत सिंह ने प्रार्थनापत्र देकर ग्राम प्रधान पर खड़ंजा और नाली निर्माण में धांधली का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की। कस्बे के बरदाही मोहल्ले के गिरजाशंकर वर्मा, सोनी, ओमप्रकाश, बुधई यादव, गुड्डू, आदर्श व राजकुमार ने मोहल्ले की जर्जर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।
सलोन तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 31 फरियादियों ने अपनी पीड़ा अधिकारियों के समक्ष रखी, लेकिन किसी का भी मौके पर समाधान नहीं हुआ। महाराजगंज तहसील सभागार में दर्ज हुई 35 शिकायतों में से चार का मौके पर निस्तारण हुआ।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें