परशदेपुर (रायबरेली)। नसीराबाद में गुरुवार को सलोन-जायस रोड पर टायर फटने से एक स्कार्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में स्कॉर्पियो सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी नसीराबाद पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक की हालत गंभीर देख चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सलोन के दुबहन गांव निवासी मुन्ना गुरुवार को स्कार्पियो से अमेठी जिले के निगोहां गांव जा रहा था। जैसे ही नसीराबाद थाना क्षेत्र के सलोन-जायस रोड पर अमृती कुंआ के पास पहुंचा, तभी स्कॉर्पियो का पिछला टायर फट गया। इससे गाड़ी पलथा लेते हुए लगभग 50 मीटर दूर जाकर क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में गाड़ी पर सवार मुन्ना के अलावा मो. कौसर (18), मो. इमरान (15), आरिफ (18), चालक मो. आरिफ (40) गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर नसीराबाद एसओ दयानंद तिवारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और सभी घायलों को 108 एंबुलेंस से नसीराबाद सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चालक मो. आरिफ की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल के लिए रेफर किया।