डलमऊ/ऊंचाहार (रायबरेली)। गंगा दशहरा पर गुरुवार को श्रद्धालुओं ने मां गंगा की निर्मल धारा में आस्था की डुबकी लगाई।
हवन-पूजन किया और भोग प्रसाद चढ़ाकर अपनी उन्नति के लिए आशीर्वाद मांगा। गंगा स्नान के लिए जिले के सभी गंगा घाटों पर स्नानार्थियों की भीड़ नजर आई। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस कर्मी तैनात रहे।
डलमऊ के सभी गंगा घाटों पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। गंगा तट स्थित मंदिरों और शिवालयों में जलाभिषेक करते हुए पूजा-अर्चना का कार्यक्रम आयोजित किया।
किलाघाट, सड़क घाट, रानी शिवाला घाट, पक्का घाट, संकट मोचन घाट, पथवारी घाट, शुकुल घाट में सबसे ज्यादा भीड़ देखी गई। ऊंचाहार क्षेत्र के गोकना, गोलाघाट, बादशाहपुर, पूरे तीर खरौली, कल्यानी गंगा घाटों पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भोर से ही हर हर गंगे के उद्घोष के साथ स्नान शुरू हुआ।
भक्तों ने गंगा स्नान किया और मां गंगे की पूजा की। इसके बाद गंगा तट स्थित मंदिरों में जलाभिषेक किया। दूध, दही, घी, शहद व मिठाई का भोग लगाया। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क रहा। गंगा स्नान के दौरान जलधारा में एसआई शिवबाबू अपनी टीम के साथ स्टीमर से निगरानी करते रहे।
स्नानार्थियों की लगा भंडारा
गंगा दशहरा के अवसर पर मां गंगा गोकर्ण जनकल्याण सेवा समिति के संरक्षक अमरेंद्र सिंह ने भंडारे का आयोजन किया। गंगा तट पर आयोजित मेले में आए स्नानार्थियों ने भंडारे में सब्जी-पूड़ी और बूंदी का प्रसाद ग्रहण किया। सुबह शुरू हुआ भंडारा देर शाम तक चलता रहता।