गर्मी शुरू होते ही आग की घटनाओं ने तबाही मचानी शुरू कर दी है। रविवार रात सरेनी ब्लॉक क्षेत्र में शॉर्टसर्किट से लगी आग से चार घर जलकर राख हो गए। लपटों की चपेट में आकर रसोई गैस का सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। इससे अफरातफरी मच गई। आग से तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
वहीं ऊंचाहार तहसील क्षेत्र में एक छप्पर में आग लग गई। इससे छप्पर के नीचे सो रहे दो सगे भाई लपटों की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। दोनो की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
सरेनी थाना क्षेत्र के नेवाजीखेड़ा मजरे प्रेमचक गांव निवासी गंगा सागर के घर में शाम को खाना बनाने के बाद परिवार के सभी लोग सो गए। अचानक घर में विद्युत शॉर्टसर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया।
इसी दौरान घर में रखा गैस सिलेंडर गर्म होकर दग गया। सिलेंडर फटने से भड़की आग ने पड़ोस के बुद्धीलाल, रामलखन और मनोज कुमार के घर को भी चपेट में ले लिया। ग्रामीण जब तक लपटों पर काबू पाते तब तक चारों घरों का सामान जलकर राख हो गया।
क्षेत्रीय लेखपाल रत्नाकर शुक्ला ने सोमवार को मौके पर पहुंच क्षति का आंकलन कर रिपोर्ट तहसीलदार को सौंपी। आग की घटना से कोई हताहत नहीं हुआ है। उधर ऊंचाहार तहसील क्षेत्र के पूरे ननकू मजरे कैथवल निवासी रामहर्ष यादव के घर के छप्पर में रविवार देर रात आग लग गई।
इससे छप्पर के नीचे सो रहे उसके पुत्र अभिषेक (12), विवेक (7) लपटों की चपेट में आ गए। परिवारीजन जब तक दोनों को बाहर निकालते दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
बताते हैं कि घटना के दौरान पिता रामहर्ष गेहूं की सिंचाई करने खेत गया था और मां बगल के छप्पर के नीचे पुत्रियों के साथ सो रही थी। आशंका है कि दोनों बच्चे चिराग में पढ़ते-पढ़ते सो गए और इसी चिराग से आग लग गई।
एंबुलेंस से दोनों घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। आग से करीब 50 हजार रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ। एसओ परशुराम त्रिपाठी का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है।