रायबरेली। शहर क्षेत्र में बुधवार रात अमेठी जिले की रहने वाली एक दिव्यांग युवती के साथ दरिंदगी की गई। पहले युवती को ऑटो पर बैठाया और फिर उसे एकांत स्थान पर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। शहर में हुई इस वारदात की जानकारी से पुलिस महकमे में सनसनी मच गई। डायल 112 पर सूूचना मिलने के बाद पुलिस ने ऑटो चालक समेत चार दरिंदों को गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। अमेठी जिले की रहने वाली एक दिव्यांग युवती किसी काम के सिलसिले में गाजियाबाद जाने के लिए रात में सारस होटल पहुंची। बस स्टेशन जाने के लिए युवती वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी बीच एक ऑटो चालक वहां पहुंचा और उसे बस स्टेशन छोड़ने की बात कहकर बैठा लिया।
इसके बाद ऑटो चालक उसे लोधवारी कोठी स्थित एकांत स्थान पर ले गया। जहां उसने फोन करके अपने तीन साथियों को बुला लिया। इसके बाद सभी ने दिव्यांग युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। बताते हैं कि सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद आरोपी फरार हो गए। पीड़िता ने डायल 112 पर सामूहिक दुष्कर्म होने की सूचना दी।
शहर क्षेत्र में दिव्यांग युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात ने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी। सूचना पाकर सदर कोतवाल अतुल सिंह, त्रिपुला चौकी इंचार्ज देवेंद्र अवस्थी समेत अन्य पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की पड़ताल की। कोतवाल ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया गया है।
मामले में ऑटो चालक मकसूद के अलावा मो. जुबेर और सदर कोतवाली क्षेत्र के ही नया पुरवा निवासी मनीष राय, कृष्णा नगर निवासी अमर सोनकर को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है। सामूहिक दुष्कर्म की शिकार पीड़िता को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। दिव्यांग युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात के बाद पुलिस की तेजी से महकमे की किरकिरी होने से बच गई।
बताते हैं कि वारदात के बाद कोतवाल और उनकी टीम ने ऑटो चालक मकसूद और मो. जुबैर को एक ही घंटे में दबोच लिया। वहीं दो अन्य आरोपियों को गुरुवार सुबह पुलिस ने पकड़ लिया गया। दिव्यांग युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पकड़े गए आरोपियों की उम्र ज्यादा नहीं है, लेकिन उनकी सोच महिला सुरक्षा के लिए खतरनाक है।
जाल बिछाकर जिस तरह युवती के साथ दरिंदगी की गई, वह चारों की सोच को दर्शाता है। सदर कोतवाल अतुल सिंह का कहना है कि आरोपी ऑटो चालक मकसूद की उम्र 19 वर्ष है। वहीं मो. जुबैर 19 साल का, मनीष राय 23 साल का और अमर सोनकर 22 वर्ष का है। इन सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसपी स्वप्निल ममगाई ने बताया कि अमेठी की रहने वाली एक युवती गाजियाबाद जा रही थी। ऑटो चालक समेत चार लोगों ने मिलकर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। डायल 112 पर सूचना आने पर पुलिस टीमें गठित करके एक घंटे ही अंदर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद सुबह दो अन्य शेष दो आरोपियों को भी पकड़ लिया गया।