रायबरेली। जिला अस्पताल स्थित कबाड़ घर में मंगलवार तड़के अचानक आग लग गई। आग लगने के कारण धुआं कई वार्डों में भर गया। जिस समय आग लगी, कई मरीज गहरी नींद में थे। अचानक धुआं भरने से कई मरीजों का दम घुटने लगा। लपटें देख मरीजों के तीमारदार मौके पर पहुंचे।
आपाधापी में कोई मरीजों को चादर तो कंधे पर लादकर वार्ड से बाहर निकाल लाया। कई रोगी ऐसे भी थे, जिन्हें ग्लूकोज लगा था, लेकिन वह भी ग्लूूकोज की बोतल फेंककर वार्ड के बाहर निकल आए। जिन वार्डों में धुआं भरा, उनमें भर्ती मरीज व हृदय रोग से पीड़ित थे। तीमारदारों में भी भगदड़ मच गई।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि एक्सरे रूम का एसी खराब हो गया। सफाई कर्मियों ने आग को काबू करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में दमकल टीम ने पहुंचकर लपटों पर काबू पाया।
करीब एक घंटे तक अफरातफरी रही। आग से कई चादरें, व्हील चेयर समेत अन्य सामान जल गया। खबर पाकर सीएमओ डॉ.वीरेंद्र सिंह और सीएमएस डॉ.नीता साहू भी मौके पर पहुंचीं।
जिला अस्पताल में वार्ड नंबर दो और तीन को जाने वाली गैलरी की बाई तरफ कबाड़ डंप है। वार्ड नंबर तीन- में 42, जबकि वार्ड नंबर -दो में 35 बेड हैं।
सभी बेड इस समय फुल चल रहे है। वार्ड नंबर तीन में सांस, दस्त, बुखार, हार्ट, जबकि वार्ड नंबर दो में सर्जरी और हड्डी रोग से संबंधित मरीज भर्ती हैं। कबाड़ में खराब चादरें, व्हील चेयर, अलमारी, बेंच आदि रखीं हैं। मंगलवार भोर करीब साढ़े चार बजे अचानक कबाड़ में आग लग गई।
देखते ही देखते कबाड़ में लगी आग से धुआं वार्ड नंबर दो व वार्ड नंबर तीन में भर गया। धुएं के कारण दम घुटने से मरीजों की नींद खुली। सभी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
आपाधापी में कुछ तीमारदार मरीजों को कंधे पर लादकर वार्ड से बाहर निकाल लाए। मरीज बाहर निकले तो देखा कि कबाड़ जल रहा था।
अस्पताल में तैनात सफाई कर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन लपटें बेकाबू हो गईं। कुछ देर बाद दमकल टीम ने आग पर काबू पाया। हालांकि इस दौरान कबाड़ का काफी सामान जलकर राख हो गया।
एक्सरे रूम की एसी भी खराब हो गई। चिकित्सक बताते हैं कि आग की लपटें काफी ऊपर तक पहुंच रही थीं। सीएमओ डॉ. वीरेंद्र सिंह ने सीएमएस के साथ पहुंचकर आग लगने की घटना की जांच की। मामले की उचित कार्रवाई कराने की बात कही।
मरीजों की जिंदगी के साथ खिलवाड़
जिला अस्पताल में लगी आग ने यहां के सुरक्षा मानकों की पोल खोल दी है। गनीमत रही कि आग कबाड़ में लगी थी। यही आग यदि अस्पताल के वार्डों में लग जाती तो मरीजों की जान पर भी बन सकती थी।
जलती बीड़ी फेंकने से लगी कबाड़ में आग : सीएमओ
जिला अस्पताल स्थित कबाड़ में लगी आग के मामले की जांच की गई है। जांच में पता चला है कि किसी व्यक्ति ने जलती बीड़ी कबाड़ में फेंक दी थी। इसलिए कबाड़ में आग लग गई। दमकल टीम ने पहुंचकर आग पर काबू पाया लिया। कबाड़ का कुछ सामान जला है।
डॉ.वीरेंद्र सिंह, सीएमओ