चंदापुर चौराहा के पास स्थित होटल के रसोईघर में शॉर्ट सर्किट से सिलिंडर में लगी आग।
महराजगंज। कस्बे के चंदापुर चौराहा स्थित एक मोबाइल टॉवर में मंगलवार सुबह शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इससे मोबाइल कंपनी के केबल और बीटीएस जलकर राख हो गए। मोबाइल टॉवर से गिरी आग की चिंगारी से स्वीट हाउस की रसोई में रखे सिलिंडर में भी आग लग गई। जिससे रसोई में रखा सामान जल गया। मौके पर गई दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया।
चंदापुर चौराहा पर इंडेक्स मोबाइल कंपनी का टॉवर लगा है। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे मोबाइल टॉवर पर टेक्नीशियन कुछ काम कर रहे थे। इसी दौरान शॉर्ट होने से टॉवर के केबल में आग लग गई। जब तक टेक्नीशियन कुछ समझ पाते। आग से निकली चिंगारी बगल में बनी नरेश स्वीट्स हाउस की रसोई में रखे सिलिंडर पर गिर गई, जिससे सिलिंडर में आग लग गई।
सिलिंडर में लगी आग को बुझाने के लिए स्वीट हाउस के कर्मचारी दौड़ पड़े। मामले की जानकारी पुलिस व अग्निशमन विभाग को दी गई। मौके पर आई अग्निशमन की टीम ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। घटना में स्वीट हाउस की रसोई में रखा सामान जल गया।
होटल संचालक राम नरेश मौर्य ने बताया कि बीस हजार रुपये का नुकसान हुआ है। इंडेक्स मोबाइल टॉवर कंपनी के सिक्योरिटी इंचार्ज सुशील तिवारी ने बताया कि आग लगने से एयरटेल कंपनी के बीटीएस और केबल जल गई हैं। इससे 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन की टीम मौके पर गई और आग पर काबू पा लिया गया। कोई जनहानि नहीं हुई है।