ममुनी गांव में युवक की लाश मिलने के बाद घर में लगा मजमा व जांच करती पुलिस।
सलोन। युवक की मौत के मामले में पांच दोस्तों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है। पत्नी का आरोप है कि अपहरण करने के बाद उनके पति की हत्या की गई थी। पुलिस घटना की पड़ताल कर रही है।
सलोन कोतवाली क्षेत्र के पूरे गोसाई मजरे ममुनी निवासी मोहित (28) पुत्र गेंदालाल बीते 12 फरवरी को बाइक से ससुराल जाने के लिए घर से निकले थे। देर शाम तक जब वह ससुराल नहीं पहुंचे तो पत्नी सपना ने रिश्तेदारों और दोस्तों से पूछताछ की। बाद महिला ने पति के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने की तहरीर सलोन पुलिस को दी थी।
मंगलवार देर शाम जगतपुर थाना क्षेत्र के सलोन मार्ग पर दौलतपुर गांव के पास पानी भरे गड्ढे में मोहित का शव मिला था। पत्नी का आरोप है कि दोस्त शिवा, शोभित आदि ने मिलकर उनके पति का पहले अपहरण किया और फिर हत्या करके शव को गड्ढे में फेंक दिया। पत्नी का आरोप है कि बीते दो फरवरी को आरोपी शोभित ने उनके पति से मोबाइल व 10 हजार रुपये नकदी छीन ली थी। विरोध करने पर जानमाल की धमकी भी दी थी।
सलोन कोतवाली प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि पत्नी सपना की तहरीर पर गांव के ही शोभित, फूलराज, मिथुन, शिवसेवक का पुरवा मजरे ममुनी गांव निवासी शिवा और जगतपुर थाना क्षेत्र के विष्णु नगर निवासी गौतम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पानी में डूबने से हुई थी मौत
जगतपुर। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मोहित की मौत की वजह पानी में डूबने से बताई गई है। अब सवाल उठ रहे हैं कि मोहित वहां तक कैसे पहुंचा। मंगलवार शाम परिजनों ने जगतपुर थाने के बाहर हंगामा किया था और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने कार्रवाई करने का भरोसा देकर लोगों को शांत कराया था। जगतपुर थाना प्रभारी पंकज कुमार त्यागी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत का कारण पानी में डूबना पाया गया है।