अमावां। जाली दस्तावेज से एक दलित महिला की न सिर्फ भूमि हड़प ली गई, बल्कि दो खातों से 38 लाख रुपये निकाल लिए गए। पीडि़ता की तहरीर पर चार प्रापर्टी डीलरों और क्षेत्रीय लेखपाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मिल एरिया थाना क्षेत्र के खोर गांव की राजकुमारी के मुताबिक उनके पति की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। आरोप लगाया कि उदित नारायण श्रीवास्तव और उसके साथियों ने मिलकर फर्जी गवाही के आधार पर उनकी करीब 10 बिस्वा जमीन रमन कुमार के नाम और एक बीघा जमीन रामसजीवन के नाम बैनामा करा ली।
इसके अलावा बालकिशुन के नाम एक बीघा का एग्रीमेंट भी जाली दस्तावेज से तैयार किया गया। आरोप है कि तीन मार्च 2023 को तीन एग्रीमेंट और दो बैनामे कराए गए। महिला ने बताया कि एक मुकदमे का झांसा देकर उनके पति रामप्रसाद और देवर गुड्डू को इंदिरा नगर स्थित एक ऑफिस ले जाया गया। वहां उदित नारायण श्रीवास्तव से मिलीभगत कर उनके पति से दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करा लिए गए।
2021 में बैंक ऑफ बड़ौदा मलिकमऊ में खोले गए खाते में पति के मोबाइल नंबर और एटीएम का इस्तेमाल कर विपक्षी ने सारा पैसा अपने खाते में डाल लिया। आरोप है कि विपक्षी ने रामप्रसाद के खाते से 18 लाख 71 हजार व गुड्डू के खाते से 19 लाख 84 हजार रुपये निकाल लिए। इस कार्य में लेखपाल ने भी आरोपियों को साथ दिया।
सीओ सदर अरुण कुमार नौहवार ने बताया कि पीडि़ता की तहरीर पर कोड़वल निवासी उदित नारायण श्रीवास्तव, बजरंग, खोर निवासी रामलखन पासी, देवानंदपुर निवासी मनीष सोनकर और लेखपाल परमेश्वरदीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।