महराजगंज। जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 8 के छात्रों ने कक्षा 11 के छात्रों का चार्ट नहीं बनाया तो उनको न केवल पीटा गया, बल्कि मुर्गा बना दिया गया। इस पूरे मामले में स्कूल प्रशासन चुप्पी साधे हुए हैं। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कक्षा 8 के छात्र बयान देते हुए दिख रहे हैं।
वायरल वीडियो के अनुसार, यह घटना शुक्रवार शाम को हॉस्टल परिसर में हुई। कक्षा 8 के कुछ छात्रों का कहना है कि कक्षा 11 के लगभग 10 छात्र उनके पास आए और मतदाता दिवस कार्यक्रम के लिए चार्ट बनाने का दबाव बनाया। छात्रों के जब कहा कि शिक्षकों ने ऐसा कोई आदेश नहीं दिया है।
इस पर सीनियर छात्रों ने जबरन उनके हॉस्टल में घुसकर उन्हें मुर्गा बनाया और पीटना शुरू कर दिया। इस मामले में विद्यालय के प्राचार्य एसपी त्रिपाठी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। महराजगंज कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव ने बताया कि इस मामले की कोई जानकारी नहीं है। न ही कोई तहरीर दी गई है।