महराजगंज। महराजगंज बार एसोसिएशन के महामंत्री और पूर्व महामंत्री के बीच तहसीलदार न्यायालय में बृहस्पतिवार को मारपीट हो गई थी। इस मामले में शुक्रवार को महामंत्री की तरफ से एसपी से शिकायत की गई। पुलिस ने पूर्व महामंत्री की तहरीर पर महामंत्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
बृहस्पतिवार को एक पत्रावली में जिरह के दौरान पूर्व महामंत्री ज्योति प्रकाश अवस्थी व महामंत्री पंकज श्रीवास्तव के बीच तहसीलदार न्यायालय में मारपीट हुई थी। इसमें ज्योति प्रकाश अवस्थी घायल हो गए थे। इस दौरान पूर्व महामंत्री के समर्थकों ने महामंत्री पंकज श्रीवास्तव का चैंबर तोड़ दिया था। शुक्रवार को पंकज श्रीवास्तव ने पुलिस अधीक्षक को तहरीर दी।
उन्होंने ज्योति प्रकाश अवस्थी और उनके आधा दर्जन अधिवक्ता साथियों पर चैंबर तोड़ने का आरोप लगाया। तहसीलदार मंजुला मिश्रा ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि ज्योति प्रकाश अवस्थी की तहरीर पर पंकज श्रीवास्तव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है। पंकज श्रीवास्तव की तहरीर की भी जांच की जा रही है।
महराजगंज बार एसोसिएशन ने शुक्रवार को कार्यकारिणी पदाधिकारियों की बैठक बुलाई। बैठक में न्यायालयों में बिना अधिकारी की मौजूदगी के जिरह व बयान न कराने का प्रस्ताव रखा गया। अध्यक्ष राम सनेही यादव ने बताया कि विवाद की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। दोनों अधिवक्ताओं से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।